हिंदी
Republic Day 2026
New Delhi: गणतंत्र दिवस के मौके पर देश की राजधानी दिल्ली पूरी तरह हाई अलर्ट मोड पर है। हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के लिए जल, थल और आसमान तीनों स्तरों पर कड़े इंतजाम किए गए हैं। किसी भी तरह की चूक से बचने के लिए दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बलों ने मिलकर छह स्तरीय सुरक्षा घेरा तैयार किया है। राजधानी में करीब 15 हजार जवान तैनात किए गए हैं, जो चप्पे-चप्पे पर नजर रखे हुए हैं।
छह लेयर में सुरक्षा, हर कोना सुरक्षित
कर्तव्य पथ और उसके आसपास के इलाकों में छह स्तरों की सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। बाहरी घेरे में दिल्ली पुलिस, अर्धसैनिक बल, ट्रैफिक पुलिस, क्विक रिस्पांस टीम, स्वाट कमांडो और बम निरोधक दस्ते तैनात हैं। इसके साथ ही आंतरिक सुरक्षा घेरे में सेना के जवान, एनएसजी कमांडो और खुफिया एजेंसियों के विशेष अधिकारी मोर्चा संभाले हुए हैं। सभी जवान सीधे कंट्रोल रूम से जुड़े हैं और पल-पल की जानकारी साझा की जा रही है।
स्नाइपर्स, एंटी एयरक्राफ्ट और ड्रोन पर रोक
परेड मार्ग के आसपास ऊंची इमारतों पर रविवार रात से ही 100 से ज्यादा स्नाइपर्स तैनात कर दिए गए हैं। किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए एंटी एयरक्राफ्ट गन भी सुरक्षा व्यवस्था का हिस्सा हैं। राजधानी में ड्रोन, पतंग और किसी भी तरह की उड़ने वाली वस्तुओं पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है। हाईटेक कैमरों के जरिए हर व्यक्ति की मूवमेंट स्कैन की जा रही है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई हो सके।
हथियार और सैन्य ताकत बनेगी आकर्षण
सोमवार को कर्तव्य पथ पर होने वाली गणतंत्र दिवस परेड में देश की सैन्य ताकत का भव्य प्रदर्शन होगा। इस बार ब्रह्मोस और आकाश मिसाइल प्रणाली, सूर्यास्त्र रॉकेट लॉन्चर और अर्जुन टैंक परेड का मुख्य आकर्षण रहेंगे। इसके साथ ही ऑपरेशन सिंदूर में इस्तेमाल किए गए हथियारों के मॉडल भी प्रदर्शित किए जाएंगे। परेड का थीम वंदे मातरम के 150 वर्ष पर आधारित है और कार्यक्रम का नेतृत्व राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू करेंगी।
पहली बार दिखेंगी नई सैन्य टुकड़ियां
इस बार परेड में नवगठित भैरव लाइट कमांडो बटालियन और शक्तिबन रेजिमेंट पहली बार हिस्सा लेंगी। जांस्कर पोनी और बैक्ट्रियन ऊंट भी परेड का हिस्सा होंगे। 61 कैवेलरी के घुड़सवार दस्ते विशेष युद्ध साजो-सामान के साथ कर्तव्य पथ पर नजर आएंगे। पूरी दिल्ली में सुरक्षा और जश्न का माहौल एक साथ देखने को मिलेगा।
Location : New Delhi
Published : 26 January 2026, 3:10 AM IST