Weather Update: उत्तर भारत में मौसम का उतार-चढ़ाव, हरियाणा और जम्मू-कश्मीर में अलर्ट जारी, जानें अपने शहर का हाल

उत्तर भारत में मौसम ने करवट ली है। एक ओर जहां नई दिल्ली में गर्मी का असर बना हुआ है, वहीं हरियाणा और जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर के कई जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है, जबकि हरियाणा के कुछ क्षेत्रों में झमाझम बारिश हुई है और आगे भी तेज बारिश की चेतावनी दी गई है।

Post Published By: Sapna Srivastava
Updated : 3 August 2025, 7:32 AM IST
google-preferred

New Delhi: राजधानी दिल्ली में रविवार सुबह हुई भारी बारिश ने जहाँ लोगों को उमस और गर्मी से राहत दी, वहीं शहर के कई इलाकों में जलभराव की समस्या ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया। भारी बारिश के कारण विजय चौक, कनॉट प्लेस, सरोजिनी नगर, एम्स, पंचकुइयाँ रोड, जनपथ, लाजपत नगर और मिंटो ब्रिज जैसे महत्वपूर्ण इलाकों में सड़कें पानी में डूब गईं।

शनिवार शाम से शुरू हुई बारिश का यह दौर रविवार सुबह तक जारी रहा। मौसम विभाग के अनुसार, आज यानी 3 अगस्त को भी दिल्ली और एनसीआर में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। बारिश के कारण तापमान में कुछ गिरावट आई है, जिससे नागरिकों को उमस से थोड़ी राहत मिली है।

यातायात पर असर

भारी बारिश के कारण कई प्रमुख सड़कों पर जलभराव हो गया, जिससे यातायात धीमा हो गया। सड़कों पर फिसलन और जलभराव के कारण ऑफिस जाने वालों और आम नागरिकों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। एम्स, आईटीओ, रिंग रोड और धौला कुआँ जैसे इलाकों में यातायात जाम की स्थिति बनी रही।

आईएमडी ने जारी की बिजली गिरने की चेतावनी

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिल्ली-एनसीआर के लिए अलर्ट जारी करते हुए कहा है कि आने वाले घंटों में बहादुरगढ़, मानेसर, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और गुरुग्राम जैसे इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज और बिजली गिरने की संभावना है। विभाग ने नागरिकों को सतर्क रहने और खुले इलाकों में जाने से बचने की सलाह दी है।

हरियाणा में बारिश और येलो अलर्ट

शनिवार को हरियाणा के पानीपत, रोहतक, झज्जर जैसे जिलों में झमाझम बारिश दर्ज की गई। रविवार 3 अगस्त को भी प्रदेश में व्यापक बारिश की चेतावनी दी गई है। यमुनानगर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह और पलवल जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में 75 से 100 प्रतिशत हिस्सों में बारिश की संभावना है। अन्य जिलों जैसे सिरसा, फतेहाबाद, कैथल में 25 से 50 प्रतिशत और पंचकुला, अंबाला, करनाल, हिसार जैसे क्षेत्रों में 50 से 75 प्रतिशत हिस्सों में बारिश हो सकती है।

उत्तर प्रदेश में मानसून ने पकड़ी रफ्तार

उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर रफ्तार पकड़ चुका है। राज्य के कई हिस्सों में हो रही झमाझम बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत तो दी है, लेकिन इसके साथ ही जलभराव और यातायात प्रभावित होने की समस्या भी सामने आने लगी है। राजधानी लखनऊ समेत वाराणसी, प्रयागराज, झांसी, हमीरपुर, बांदा और कई अन्य जिलों में लगातार बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले कुछ दिनों में यह सिलसिला जारी रह सकता है।

48 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी

भारतीय मौसम विभाग ने प्रदेश के 48 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जिसमें लखनऊ, गोरखपुर, बलरामपुर, देवरिया, गोंडा और श्रावस्ती प्रमुख हैं। इन इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव के चलते अधिक वर्षा होने की संभावना जताई गई है।

जम्मू-कश्मीर में ऑरेंज अलर्ट

जम्मू-कश्मीर में सोमवार से मौसम फिर बिगड़ने की आशंका है। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर ने भारी बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके चलते कठुआ, सांबा, जम्मू, उधमपुर और रियासी में भारी बारिश का विशेष असर देखने को मिल सकता है। साथ ही डोडा, रामबन, राजोरी, पुंछ, अनंतनाग में येलो अलर्ट जारी किया गया है। बारिश के कारण भूस्खलन और बाढ़ की संभावना है, विशेषकर जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे पर यातायात प्रभावित हो सकता है। एनएचएआई को मशीनरी तैनात रखने के निर्देश दिए गए हैं।

अमरनाथ यात्रा पर असर

अमरनाथ यात्रा के मार्गों में भी मौसम का असर देखा जा रहा है। अमरनाथ गुफा के पास न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। बीते 24 घंटों में भद्रवाह, कटड़ा, श्रीनगर, बालटाल आदि क्षेत्रों में वर्षा हुई है, जिसमें भद्रवाह में 23 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। प्रशासन ने यात्रियों और आम नागरिकों को बारिश प्रभावित इलाकों में न जाने की सलाह दी है। आपातकालीन स्थिति में 112 पर संपर्क करने का निर्देश दिया गया है।

Location : 
  • New Delhi

Published : 
  • 3 August 2025, 7:32 AM IST