मौसम का यू-टर्न: यूपी-बिहार समेत 13 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, जानें अपने राज्य का हाल

देश के कई राज्यों में भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग ने यूपी, बिहार और दिल्ली समेत 13 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 15 June 2026, 7:53 AM IST
google-preferred

New Delhi: देश के कई हिस्सों में पड़ रही भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों के बीच मौसम विभाग (IMD) ने राहत की बड़ी खबर दी है। आईएमडी ने उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, पश्चिम बंगाल, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय समेत देश के 13 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले 6-7 दिनों तक पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत में मूसलाधार बारिश का दौर देखने को मिलेगा। इस दौरान 50 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है, जिससे लोगों को यात्रा करते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

तेजी से आगे बढ़ रहा दक्षिण-पश्चिम मानसून

मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मानसून की रफ्तार तेज हो गई है। अगले 4 से 5 दिनों के भीतर इसके महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, ओडिशा, झारखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल के बचे हुए हिस्सों में पहुंचने की पूरी संभावना है। मानसून के आगे बढ़ने से इन राज्यों में मूसलाधार बारिश का दौर शुरू हो जाएगा। खराब मौसम और ऊंचे उठते ज्वार को देखते हुए आईएमडी ने मछुआरों के लिए भी चेतावनी जारी की है। उन्हें 19 जून तक बंगाल की खाड़ी और अरब सागर के प्रभावित हिस्सों में न जाने की सख्त सलाह दी गई है।

UP Weather Update: तीन दिन की बारिश के बाद अब बढ़ेगा तापमान, 30 से ज्यादा जिलों में तेज हवा और वज्रपात का अलर्ट

दिल्ली-एनसीआर में आज आंधी और बारिश का येलो अलर्ट

देश की राजधानी दिल्ली और इसके आसपास के इलाकों (NCR) में आज मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग ने आज यानी 15 जून को गरज-चमक के साथ हल्की बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। 15 से 17 जून के दौरान दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी चल सकती है। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी और दिल्लीवासियों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी।

यूपी और बिहार में प्री-मानसून की दस्तक

उत्तर प्रदेश और बिहार में भी मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। यूपी के गोरखपुर, देवरिया, मिर्जापुर, बलिया और कुशीनगर समेत पूर्वी हिस्सों में आज बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं, मथुरा, आगरा, अलीगढ़ और कानपुर जैसे पश्चिमी व मध्य जिलों में गरज-चमक का येलो अलर्ट है। बिहार की बात करें तो वेस्ट चंपारण, गोपालगंज, सारण और रोहतास समेत कई जिलों में आज अलर्ट जारी किया गया है। बिहार में अगले 4-5 दिनों में मानसून दस्तक दे सकता है, जिससे प्री-मानसून गतिविधियां शुरू हो गई हैं। 16 जून को बिहार के कुछ हिस्सों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और भारी बारिश की चेतावनी है।

UP Weather 14 June: उत्तर प्रदेश में कल का मौसम कैसा रहेगा? कुछ ही घंटों में बारिश और तेज आंधी की दस्तक संभव

राजस्थान और पहाड़ी राज्यों का मौसम पूर्वानुमान

राजस्थान के जयपुर, जोधपुर, बीकानेर और उदयपुर समेत कई जिलों में 15 से 20 जून के बीच तेज आंधी और तूफान का अलर्ट है। इस दौरान हवा की रफ्तार 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। पहाड़ी राज्यों की बात करें तो उत्तराखंड में अगले 4-5 दिनों तक मौसम सामान्य रहेगा, हालांकि नैनीताल और हरिद्वार जैसे जिलों में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में 15 से 20 जून के बीच छिटपुट से लेकर मध्यम बारिश का दौर जारी रहेगा और 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

Location :  New Delhi

Published :  15 June 2026, 7:53 AM IST

Advertisement