हिंदी
दिल्ली में मार्च की शुरुआत में ही गर्मी तेज हो गई है। मौसम विभाग के अनुसार 11 मार्च तक तापमान 35 से 37°C तक पहुंच सकता है। जानें दिल्ली-NCR का लेटेस्ट मौसम अपडेट, धूल और धुंध की वजह और आगे कैसा रहेगा मौसम।
दिल्ली में गर्मी तेज (Img Source: Google)
New Delhi: राजधानी Delhi में मार्च की शुरुआत के साथ ही गर्मी का असर तेजी से बढ़ने लगा है। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ सकता है। अनुमान है कि 11 मार्च के आसपास अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जो सामान्य से काफी ज्यादा है। हालांकि आसमान में हल्के बादल दिखाई दे सकते हैं, लेकिन फिलहाल बारिश या ठंडी हवाओं से राहत मिलने की संभावना बेहद कम बताई जा रही है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार इस साल दिल्ली-NCR में गर्मी ने सामान्य समय से पहले दस्तक दे दी है। आमतौर पर मार्च के आखिरी सप्ताह में तापमान 35 डिग्री के आसपास पहुंचता है, लेकिन इस बार महीने के पहले ही सप्ताह में तापमान 35 डिग्री के पार दर्ज किया जा चुका है। पिछले चार दिनों से राजधानी का अधिकतम तापमान लगातार 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है। सुबह से ही तेज धूप निकलने लगी है, जिससे दोपहर के समय गर्मी का असर ज्यादा महसूस हो रहा है।
10 मार्च की सुबह दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में धुंध जैसी स्थिति देखने को मिली। कुछ जगहों पर दिन तक हल्की धुंध बनी रही। सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने इसे ईरान के तेहरान में हुए तेल डिपो विस्फोट से जोड़कर देखा, लेकिन मौसम विशेषज्ञों ने इसे खारिज कर दिया।
Weather Update: तेज धूप से झुलसा पश्चिमी यूपी, पारा 36°C के पार; IMD ने जारी किया अलर्ट
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार यह स्थिति पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के कारण बनने वाली हवाओं और धूल की वजह से बनी है। हवाओं की दिशा और गति के कारण वातावरण में धूल कण बढ़ जाते हैं, जिससे धुंध जैसी स्थिति बन जाती है।
मौसम विभाग के अनुसार India Meteorological Department आने वाले दिनों में मौसम में हल्का बदलाव संभव है। 12 से 16 मार्च के बीच दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों जैसे गाजियाबाद, नोएडा, गुरुग्राम और फरीदाबाद में आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है। हालांकि इस दौरान तापमान में बड़ी गिरावट की उम्मीद नहीं है। 12 से 14 मार्च के बीच अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार 15 मार्च के बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। इस दौरान तेज हवाएं चलने और हल्की धुंध जैसी स्थिति बनने की संभावना जताई गई है, जिससे लोगों को थोड़ी राहत मिल सकती है।
हालांकि फिलहाल किसी भी जिले के लिए गंभीर मौसम अलर्ट जारी नहीं किया गया है, लेकिन विशेषज्ञों ने लोगों को बढ़ती गर्मी को देखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी है।
विशेषज्ञों का कहना है कि अगर इसी तरह तापमान बढ़ता रहा तो मार्च के मध्य तक दिल्ली में गर्मी का असर और तेज हो सकता है।