हिंदी
प्रतीकात्मक छवि (Source: Pinterest)
New Delhi: देश के कई हिस्सों में मानसून का असर अभी बना हुआ है। 27 सितंबर को उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश समेत कई राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने 22 राज्यों में हल्की से भारी बारिश और आंधी की संभावना जताई है। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 40 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश और उससे सटे उत्तरी छत्तीसगढ़ के ऊपर बना डिप्रेशन उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ रहा है। इसके असर से मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, छत्तीसगढ़ और बिहार समेत आसपास के क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।
हिमाचल प्रदेश, पंजाब, राजस्थान, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, मिजोरम, गुजरात, कर्नाटक, तमिलनाडु और तेलंगाना में भी बारिश का अनुमान है। इस दौरान कई जगह गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं।
उत्तर प्रदेश में 27 सितंबर को पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी है। पूर्वी यूपी में बहराइच, फर्रुखाबाद, गोंडा, हरदोई, कानपुर नगर, कानपुर देहात, खीरी, श्रावस्ती, उन्नाव, सीतापुर और कन्नौज में अगले 24 घंटे के दौरान अचानक बाढ़ का कम से मध्यम खतरा बताया गया है।
पश्चिमी यूपी के बदायूं, बरेली, एटा, इटावा, फिरोजाबाद, कासगंज, मैनपुरी, पीलीभीत, शाहजहांपुर, रामपुर और मुरादाबाद में भी ऐसी स्थिति बन सकती है। पूर्वी यूपी में एक अक्टूबर तक बारिश जारी रहने की संभावना है।
दिल्ली में 27 सितंबर को बादल छाए रहने और मध्यम बारिश की संभावना है। गरज-चमक के साथ 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 28 सितंबर को बारिश की तीव्रता कम हो सकती है।
उत्तराखंड में 27 और 28 सितंबर को कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है। तेज हवाओं के साथ बिजली गिरने की भी आशंका है। भारी बारिश के कारण चारधाम यात्रा को दो दिनों के लिए रोका गया है। हिमाचल प्रदेश में भी 27-28 सितंबर तक भारी बारिश और 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाओं का अनुमान है।
दक्षिण भारत के कई राज्यों में 27 सितंबर से 2 अक्टूबर तक बारिश जारी रह सकती है। आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु, पुडुचेरी और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में बारिश का अनुमान है। 29 सितंबर को दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है।
मछुआरों को अरब सागर के कुछ हिस्सों में 26 से 28 सितंबर तक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
Location : New Delhi
Published : 27 September 2026, 7:48 AM IST