दिल्ली-यूपी से लेकर बिहार-राजस्थान तक अगले 5 दिन होगी झमाझम बारिश, जानें मौसम विभाग की 17 राज्यों को लेकर क्या है चेतावनी

देश के 17 राज्यों में मानसून और बंगाल की खाड़ी में बने लो-प्रेशर का डबल अटैक होने वाला है। IMD ने दिल्ली, यूपी, बिहार और राजस्थान समेत कई राज्यों में भारी बारिश, बिजली गिरने और 80 किमी/घंटे की रफ्तार से आंधी चलने का रेड/ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 6 July 2026, 8:02 AM IST
google-preferred

New Delhi: देश के कई हिस्सों में मानसून पहले से ही सक्रिय है, लेकिन अब उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में एक नया अवदाब (लो प्रेशर एरिया) विकसित हो गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, यह मौसमी सिस्टम अगले 24 घंटों में ओडिशा तट को पार कर छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ेगा।

इस डबल सिस्टम के एक्टिव होने के कारण देश के 17 राज्यों में अगले कुछ दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश होने के आसार हैं। इस दौरान आंधी-तूफान और आकाशीय बिजली का कहर भी देखने को मिल सकता है।

दिल्ली-NCR में आंधी के साथ होगी बौछारें, गर्मी से मिलेगी राहत

राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों (NCR) में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। IMD ने दिल्ली में 6 से 8 जुलाई तक आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। सोमवार सुबह से ही हल्की से मध्यम बारिश का दौर शुरू होने की उम्मीद है।

UP में दो दिन बाद फिर रफ्तार पकड़ेगा मानसून, मौसम विभाग ने जारी किया 59 जिलों के लिए रेड अलर्ट; जानें आपके जिले का हाल

इस दौरान 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। बारिश के इस दौर से दिल्ली का अधिकतम तापमान गिरकर 33 डिग्री सेल्सियस तक आ सकता है, जिससे दिल्लीवासियों को उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी।

यूपी और बिहार में 8 जुलाई तक आकाशीय बिजली और भारी बारिश का अलर्ट

उत्तर प्रदेश और बिहार में भी कुदरत का कड़ा पहरा रहने वाला है। यूपी के मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा, गोरखपुर और देवरिया सहित पूर्वी व पश्चिमी जिलों में 6 से 8 जुलाई तक तेज हवाओं (40-60 किमी/घंटा) के साथ भारी बारिश और बिजली गिरने की आशंका है।

वहीं, बिहार के पटना, गया, मुजफ्फरपुर और भागलपुर समेत अधिकांश जिलों में भी इसी अवधि के लिए अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले में न जाने की सलाह दी है।

राजस्थान और पहाड़ी राज्यों में 11 जुलाई तक दिखेगा आफत का असर

राजस्थान के जयपुर, उदयपुर, कोटा और बीकानेर जैसे जिलों में 6 से 10 जुलाई के बीच झमाझम बारिश होगी। पूर्वी राजस्थान में कुछ जगहों पर अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। पहाड़ों की बात करें तो हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 6 से 11 जुलाई तक मौसम बेहद खराब रहेगा।

देहरादून, नैनीताल, शिमला और मंडी जैसे पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन (Landslide) का खतरा बढ़ गया है, क्योंकि यहाँ 6 और 7 जुलाई को बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर और झारखंड में भी 9 से 11 जुलाई तक तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की चेतावनी है।

सावधान यूपी वालों! रात में दिखेगा मानसून का असली रौद्र रूप, 90% जिलों में भारी बारिश का अनुमान, जानें IMD की बड़ी चेतावनी

उग्र हुआ समंदर, मछुआरों के लिए सख्त हिदायत

इस चक्रवाती सिस्टम का सबसे ज्यादा असर तटीय इलाकों में देखने को मिल रहा है। 5 से 7 जुलाई के दौरान ओडिशा, छत्तीसगढ़, कोंकण-गोवा और मध्य महाराष्ट्र में मूसलाधार बारिश का अनुमान है। उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और उत्तरी आंध्र प्रदेश के तटों पर समुद्र बेहद उग्र रूप अख्तियार कर सकता है।

तटों पर 50 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से विनाशकारी हवाएं चल सकती हैं। इसे देखते हुए IMD ने मछुआरों को 7 जुलाई तक समुद्र में न जाने की सख्त हिदायत दी है।

Location :  New Delhi

Published :  6 July 2026, 8:02 AM IST

Related News

Advertisement