‘तेल दिखा तो टूट पड़ी भीड़’, टैंकर पलटते ही बाल्टी-डिब्बे लेकर पहुंचे लोग; पुलिस रोकती रही

गुना के बीनागंज में तेल से भरा टैंकर पलटा तो हादसे की जगह अचानक लोगों की भीड़ जुट गई। टैंकर से सड़क पर बहते रिफाइंड ऑयल को देखकर कई लोग बाल्टी, कैन और डिब्बे लेकर पहुंच गए।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 24 August 2026, 3:21 PM IST
google-preferred

Guna: मध्य प्रदेश के गुना जिले के बीनागंज इलाके में सड़क किनारे रिफाइंड ऑयल से भरा टैंकर पलटने के बाद ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने हर किसी का ध्यान खींच लिया। टैंकर से तेल बहता देख आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते कई लोगों के हाथों में बाल्टी, कैन, पतीले और डिब्बे नजर आने लगे। इसके बाद सड़क पर हादसे से ज्यादा तेल भरने की होड़ दिखाई दी।

टैंकर पलटा और सड़क पर फैल गया तेल

मामला चाचौड़ा-बीनागंज क्षेत्र की टोड़ी रोड का बताया जा रहा है। यहां रिफाइंड ऑयल से भरा टैंकर सड़क किनारे पलट गया। टैंकर के पलटने के बाद उसमें मौजूद तेल सड़क और आसपास के हिस्से में फैलने लगा। तेल फैलने के कारण सड़क पर फिसलन बढ़ गई थी। ऐसे में वहां से गुजरने वाले वाहनों और लोगों के लिए दुर्घटना का खतरा भी पैदा हो गया। लेकिन तेल बहता देखकर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए।

ये भी पढ़ें- चंदा नहीं दिया तो घर में घुसकर की दबंगई, विधवा की बेटियों से मारपीट, पुलिस पर भी लगे गंभीर आरोप

 

View this post on Instagram

 

A post shared by Dynamite News Hindi (@dynamitenews)

घर से बर्तन लेकर पहुंच गए लोग

स्थानीय लोगों में तेल भरने की ऐसी होड़ मची कि कई लोग अपने घरों से बाल्टी, कैन, पतीले और दूसरे बर्तन लेकर पहुंच गए। वीडियो में कुछ लोग टैंकर से बह रहे तेल को बर्तनों में भरते हुए दिखाई दे रहे हैं। हादसे की जगह पर भीड़ बढ़ने से स्थिति और मुश्किल हो गई। एक तरफ सड़क पर तेल फैला था, वहीं दूसरी ओर लोग टैंकर के आसपास जमा होकर तेल भरने में जुटे थे।

पुलिस रोकती रही, लोग नहीं माने

हादसे की जानकारी मिलने के बाद बीनागंज पुलिस और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने लोगों को टैंकर से दूर रहने और दुर्घटनास्थल पर भीड़ न लगाने की समझाइश दी। पुलिस की कोशिश थी कि लोगों को सुरक्षित दूरी पर रखा जाए, क्योंकि पलटा हुआ टैंकर और सड़क पर फैला तेल दोनों ही जोखिम पैदा कर रहे थे। इसके बावजूद कई लोग तेल भरने से पीछे नहीं हटे। भीड़ को नियंत्रित करने में पुलिसकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

ये भी पढ़ें- Bareilly News: बाइक से गंगाजल लेने निकला, लेकिन कछला पहुंचने से पहले ही थम गई सांसें; परिवार में मचा कोहराम

क्रेन से सीधा कराया गया टैंकर

स्थिति संभालने के बाद क्रेन की मदद से पलटे हुए टैंकर को सीधा कराया गया। इसके बाद सड़क से टैंकर हटाकर यातायात व्यवस्था को सामान्य किया गया। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, इस हादसे में किसी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है। पुलिस ने टैंकर चालक को हिरासत में लिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

Location :  Guna

Published :  24 August 2026, 3:21 PM IST

Advertisement