चंदा नहीं दिया तो घर में घुसकर की दबंगई, विधवा की बेटियों से मारपीट, पुलिस पर भी लगे गंभीर आरोप

बदायूं के बिसौली कस्बे में एक विधवा महिला ने आरोप लगाया है कि जुलूस का चंदा नहीं देने पर दबंगों ने घर में घुसकर उसकी बेटियों के साथ मारपीट की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पीड़िता ने पुलिस पर सुनवाई नहीं करने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 24 August 2026, 3:11 PM IST
google-preferred

Budaun: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले से दबंगई का एक मामला सामने आया है, जहां एक गरीब विधवा महिला ने कुछ लोगों पर घर में घुसकर उसकी बेटियों के साथ मारपीट करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि जुलूस के लिए मांगे गए चंदे को नहीं देने पर दबंगों ने उसके घर में घुसकर बेटियों के साथ मारपीट की। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस कार्रवाई को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

घर में घुसकर बेटियों से मारपीट का आरोप

पूरा मामला बिसौली कस्बे के बेरियान मोहल्ला, वार्ड नंबर 15 का बताया जा रहा है। पीड़ित विधवा महिला का आरोप है कि कुछ लोग उसके घर पहुंचे और जुलूस के लिए चंदे की मांग करने लगे। आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण जब महिला ने चंदा देने में असमर्थता जताई तो आरोपियों ने कथित तौर पर घर में घुसकर उसकी बेटियों के साथ मारपीट शुरू कर दी।

महिला का कहना है कि घटना के दौरान घर में मौजूद बेटियों को बेरहमी से पीटा गया। इस पूरी घटना का वीडियो किसी ने रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

थाने में शिकायत के बाद भी सुनवाई नहीं होने का आरोप

पीड़िता का आरोप है कि घटना के बाद वह न्याय की उम्मीद लेकर थाना बिसौली पहुंची और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी, लेकिन उसकी शिकायत पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। महिला ने आरोप लगाया कि पुलिस से मदद नहीं मिलने के बाद उसने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता ने मुख्यमंत्री पोर्टल के माध्यम से आरोपियों के खिलाफ निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है।

वायरल वीडियो के बाद कार्रवाई पर उठे सवाल

मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में चर्चा तेज हो गई है। वीडियो में कथित तौर पर कुछ लोग महिला के घर में मारपीट करते नजर आ रहे हैं। हालांकि वीडियो की पुष्टि और घटना से जुड़े सभी तथ्यों की जांच पुलिस द्वारा की जानी बाकी है। पीड़ित महिला का कहना है कि वह गरीब और बेसहारा है और उसे अपनी बेटियों की सुरक्षा की चिंता है। उसने प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस जांच के बाद साफ होगी स्थिति

फिलहाल मामले में पुलिस की ओर से आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वायरल वीडियो और महिला की शिकायत के आधार पर जांच के बाद ही घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सकेगी। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है।

Location :  Budaun

Published :  24 August 2026, 3:10 PM IST

Advertisement