
झारखंड के जमशेदपुर में ट्रक और कार की जोरदार टक्कर (Img: Dynamite News)
Jamshedpur: झारखंड के जमशेदपुर से गुरुवार सुबह आई एक खबर ने लोगों को झकझोर दिया। सोनारी थाना क्षेत्र के दोमुहानी मरीन ड्राइव पर हुए भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में झारखंड की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह भी शामिल थीं। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव का काम शुरू किया।
मिली जानकारी के मुताबिक हादसा गुरुवार तड़के करीब 2 से 3 बजे के बीच हुआ। बताया जा रहा है कि एक कार मरीन ड्राइव पर खड़े एक ब्रेकडाउन ट्रेलर के पीछे जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कार में सवार चार लोगों की मौत हो गई।
ये भी पढ़ें- मिशन 2027 का शंखनाद: अखिलेश यादव आज रायबरेली से शुरू करेंगे सपा की ‘पीडीए रथ यात्रा’, रायबरेली से होगा बड़ा आगाज
हादसे की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधिकारी और स्थानीय थाना प्रभारी घटनास्थल पर पहुंचे। कार की हालत इतनी खराब थी कि उसमें फंसे शवों को निकालने के लिए गैस कटर की मदद लेनी पड़ी। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
इस हादसे में जान गंवाने वालों में तृषा सिंह का नाम सामने आने के बाद घटना ने पूरे झारखंड का ध्यान खींच लिया। तृषा, ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी थीं। उनके निधन की खबर सामने आते ही परिवार और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई। झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने भी तृषा सिंह के निधन पर शोक जताया। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और इस घटना को बेहद दुखद बताया।
ये भी पढ़ें- बलरामपुर में डीजे की तेज आवाज से बच्ची की मौत के बाद उठे सवाल, नियमों की अनदेखी पर घिरा सिस्टम
शुरुआती जानकारी में कार की तेज रफ्तार और सड़क पर खड़े ट्रेलर से टक्कर की बात सामने आई है। हालांकि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी पूरी तस्वीर जांच के बाद ही साफ होगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Location : Jamshedpur
Published : 24 September 2026, 9:51 AM IST