हिंदी
प्रतीकात्मक छवि
नई दिल्ली: बैंक कर्मचारियों की प्रस्तावित तीन दिवसीय देशव्यापी हड़ताल से पहले आम ग्राहकों के लिए राहत की खबर सामने आई है। केंद्र सरकार के वित्त मंत्रालय ने घोषणा की है कि रविवार, 27 सितंबर 2026 को देश के सभी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक (PSBs) और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक (RRBs) सामान्य कार्यदिवस की तरह खुले रहेंगे।
बैंक कर्मचारियों के संयुक्त संगठन यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने 28 से 30 सितंबर तक तीन दिन की देशव्यापी हड़ताल का ऐलान किया है। वीकेंड की छुट्टियों और हड़ताल के कारण बैंकिंग सेवाओं पर लंबे असर को देखते हुए रविवार को बैंक शाखाएं खोलने का निर्णय लिया गया है।
दरअसल, 26 और 27 सितंबर को सप्ताहांत की छुट्टियां हैं। इसके बाद 28, 29 और 30 सितंबर को बैंक कर्मचारियों की हड़ताल प्रस्तावित है। ऐसे में अगर रविवार को भी बैंक बंद रहते तो ग्राहकों को लगातार पांच दिनों तक बैंकिंग सेवाओं में परेशानी का सामना करना पड़ सकता था।
वित्त मंत्रालय के वित्तीय सेवा विभाग (DFS) की पहल पर भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने 27 सितंबर को बैंकिंग सेवाएं जारी रखने की अनुमति दी है। इस दौरान बैंक शाखाओं के अलावा प्रशासनिक कार्यालय, एटीएम से जुड़े केंद्र और करेंसी चेस्ट भी काम करेंगे।
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर 28 सितंबर से काम बंद आंदोलन का आह्वान किया है। संगठन का दावा है कि यह बैंकिंग क्षेत्र के बड़े हिस्से का प्रतिनिधित्व करता है।
बैंक यूनियनों की प्रमुख मांगों में पांच दिन की बैंकिंग व्यवस्था लागू करना, पेंशन अपडेट करना, पेंशनरों के लिए समान महंगाई भत्ता (DA) व्यवस्था और नेशनल पेंशन सिस्टम (NPS) के तहत आने वाले कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना (OPS) का विकल्प देना शामिल है।
बैंक हड़ताल के दौरान शाखाओं में कामकाज प्रभावित हो सकता है। ऐसे में ग्राहकों को जरूरी बैंकिंग कार्य पहले पूरा करने की सलाह दी गई है। डिजिटल बैंकिंग, एटीएम और ऑनलाइन भुगतान सेवाएं सामान्य रूप से उपलब्ध रहने की उम्मीद है, हालांकि किसी भी तकनीकी समस्या की स्थिति में परेशानी हो सकती है।
Location : New Delhi
Published : 24 September 2026, 10:21 AM IST