इंदिरा गांधी की 41वीं पुण्यतिथि: कांग्रेस नेताओं ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि, पोस्ट कर कही ये बात

भारत की पहली महिला प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की 41वीं पुण्यतिथि पर पूरे देशभर में श्रद्धांजलि सभाएं आयोजित की गईं। कांग्रेस ने उन्हें राष्ट्रसेवा और सशक्त नेतृत्व की मिसाल बताया और कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को भी उनसे सीख लेनी चाहिए।

Post Published By: Sapna Srivastava
Updated : 31 October 2025, 8:55 AM IST
google-preferred

New Delhi: देश की पहली महिला प्रधानमंत्री और लौह महिला के नाम से प्रसिद्ध स्व. इंदिरा गांधी की 41वीं पुण्यतिथि पर शुक्रवार को पूरे देशभर में श्रद्धांजलि सभाओं और स्मृति कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कांग्रेस सहित विभिन्न संगठनों और नागरिकों ने उनके योगदान को याद करते हुए पुष्पांजलि अर्पित की।

कांग्रेस ने आधिकारिक हैंडल से दी श्रद्धांजलि

कांग्रेस ने अपने आधिकारिक X (ट्विटर) हैंडल से श्रद्धांजलि संदेश साझा करते हुए लिखा कि देश की प्रथम महिला प्रधानमंत्री, 'भारत रत्न' श्रीमती इंदिरा गांधी जी की पुण्यतिथि पर भावपूर्ण श्रद्धांजलि। शक्ति, संकल्प और सशक्त नेतृत्व की मिसाल रहीं इंदिरा गांधी जी करोड़ों भारतीयों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

कांग्रेस ने कहा कि इंदिरा गांधी जी ने देश के सम्मान से कभी समझौता नहीं किया और उनका जीवन राष्ट्रसेवा, साहस और त्याग का प्रतीक है। इसके साथ ही एक पोस्ट ये भी शेयर करा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी उनसे सीख लेनी चाहिए, क्योंकि इंदिरा जी ने हर परिस्थिति में देश की एकता और अखंडता को सर्वोपरि रखा। इंदिरा गांधी के ऐतिहासिक शब्दों को दोहराते हुए कांग्रेस ने लिखा मेरे खून का एक-एक कतरा देश को मजबूत करेगा।

इंदिरा गांधी का जीवन परिचय

स्व. इंदिरा गांधी का जन्म 19 नवंबर 1917 को भारत के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू और कमला नेहरू के घर हुआ था। वे 1966 से 1977 और फिर 1980 से 1984 तक देश की प्रधानमंत्री रहीं। 31 अक्टूबर 1984 को अपने ही दो अंगरक्षकों द्वारा गोली मारे जाने से उनकी हत्या कर दी गई, जिसके बाद देश में व्यापक दंगे भड़क उठे थे।

इंदिरा गांधी को उनकी दृढ़ राजनीतिक इच्छाशक्ति, “गरीबी हटाओ” अभियान, बैंकों के राष्ट्रीयकरण, और हरित क्रांति जैसी ऐतिहासिक नीतियों के लिए आज भी याद किया जाता है। उनका नेतृत्व भारत को आत्मनिर्भरता की राह पर ले गया।

Location : 
  • New Delhi

Published : 
  • 31 October 2025, 8:55 AM IST