Balen Shah India Visit: भारत-नेपाल के रिश्तों को मिलेगी नई दिशा? सोमवार को PM मोदी के साथ अहम बैठक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के पीएम बालेन शाह की पहली आमने-सामने मुलाकात पर दोनों देशों की नजरें टिकी हैं। बैठक में साझा विजन प्रपत्र, ऊर्जा सहयोग और कनेक्टिविटी जैसे मुद्दे चर्चा में रहेंगे। इसके साथ ही पुराने समझौतों और लंबित परियोजनाओं की समीक्षा भी होगी।

Post Published By: Bobby Raj
Updated : 23 November 2026, 5:17 AM IST
google-preferred

New Delhi: भारत और नेपाल के बीच लंबे समय से बनी असमंजस की स्थिति को खत्म करने और द्विपक्षीय रिश्तों को नई दिशा देने के लिए सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह के बीच अहम बैठक होने जा रही है। इस मुलाकात में दोनों देशों के संबंधों की भावी दिशा तय करने के लिए एक साझा विजन प्रपत्र की घोषणा किए जाने की संभावना है। विकास साझेदारी, ऊर्जा, जलविद्युत, रेलवे, कनेक्टिविटी, आधारभूत संरचना और प्रौद्योगिकी समेत कई अहम मुद्दों पर चर्चा होगी। इसके अलावा दोनों देशों के बीच सीमा से जुड़े पुराने विवादों पर भी बातचीत होने की उम्मीद है।

दो दिवसीय भारत दौरे पर पहुंचे नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह रविवार शाम चार बजे दो दिवसीय यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचे। उनके साथ नेपाल के लगभग सभी प्रमुख कैबिनेट मंत्री और उद्योगपतियों का एक बड़ा दल भी भारत आया है। रविवार को उनकी विदेश मंत्री एस. जयशंकर के साथ द्विपक्षीय संबंधों को लेकर चर्चा हुई। सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बालेन शाह की अगुआई में दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय बैठक होगी।

Kaushambi Firing: कौशाम्बी में विरोध करने पर बाग में ताबड़तोड़ फायरिंग, गोली लगने पर एक गंभीर

मार्च 2026 में नेपाल में नई सरकार बनने के बाद बालेन शाह की यह पहली द्विपक्षीय विदेश यात्रा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें भारत आने का निमंत्रण दिया था। दोनों नेताओं की यह पहली आमने-सामने मुलाकात होगी। विदेश मंत्रालय के मुताबिक, दोनों प्रधानमंत्री कई पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं का वर्चुअल उद्घाटन करेंगे और कुछ नई परियोजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे।

इस बैठक में भारत-नेपाल संबंधों की भावी दिशा को लेकर एक व्यापक साझा विजन प्रपत्र सामने आने की संभावना है। प्रस्तावित प्रपत्र में आपसी सहयोग के 10 व्यापक क्षेत्रों को शामिल किया गया है। इनमें आर्थिक साझेदारी, कनेक्टिविटी, निवेश, जल संसाधन एवं ऊर्जा, डिजिटल कनेक्टिविटी, सुशासन, जन-से-जन संपर्क, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल तथा व्यापार एवं पारगमन शामिल हैं।

ऊर्जा, रेलवे और सीमा विवाद समेत कई मुद्दों पर होगी चर्चा

दोनों प्रधानमंत्रियों की बैठक में विकास साझेदारी, ऊर्जा, जलविद्युत, रेलवे, कनेक्टिविटी, जलवायु परिवर्तन, आपदा प्रतिरोध, आधारभूत संरचना और प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा होने की उम्मीद है। भारत और नेपाल के बीच सीमा को लेकर जारी कुछ पुराने विवाद भी बातचीत के एजेंडे में शामिल रहेंगे।

इस बीच भारत ने उन खबरों को खारिज किया है, जिनमें दावा किया गया था कि बालेन शाह के सामने नेपाल के हवाई अड्डों के इस्तेमाल का मुद्दा उठाया जाएगा।

विदेश मंत्रालय के सूत्रों के मुताबिक, यह यात्रा ऐसे समय हो रही है जब दोनों देशों की राष्ट्रीय प्राथमिकताओं में आर्थिक और सामाजिक विकास, आधारभूत संरचना का विस्तार, प्रौद्योगिकी अपनाने, प्राकृतिक आपदाओं और जलवायु परिवर्तन जैसे मुद्दों पर काफी समानता है। दोनों नेता द्विपक्षीय संबंधों की पूरी समीक्षा करेंगे और सहयोग के नए क्षेत्रों की संभावनाएं तलाशेंगे।

2023 की घोषणाओं की होगी समीक्षा

मोदी और बालेन शाह की बैठक में नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल की 2023 की भारत यात्रा के दौरान हुई घोषणाओं की समीक्षा भी होगी। उस समय दोनों देशों के बीच सहयोग से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर सहमति बनी थी, लेकिन नेपाल की आंतरिक राजनीतिक अस्थिरता के कारण उन पर अपेक्षित प्रगति नहीं हो सकी।

इनमें पंचेश्वर बहुउद्देशीय परियोजना, रक्सौल-काठमांडू रेलवे लिंक के फाइनल लोकेशन का काम, 669 मेगावाट की लोअर अरुण और 480 मेगावाट की फुकोट-करनाली जलविद्युत परियोजनाएं शामिल हैं। रक्सौल-काठमांडू रेलवे के लिए सर्वे पूरा होने के बावजूद परियोजना पर आगे काम नहीं बढ़ पाया है। वहीं, पंचेश्वर परियोजना की डीपीआर तीन महीने में अंतिम रूप देने पर सहमति बनी थी, लेकिन तीन वर्ष बाद भी यह काम पूरा नहीं हो सका है।

CNG Price: यूपी के पांच शहरों में महंगी हुई CNG-PNG, जानें लखनऊ समेत नए रेट

इसके अलावा, नेपाल को 10,000 मेगावाट बिजली निर्यात करने के लक्ष्य का बड़ा हिस्सा अभी बाकी है। पेट्रोलियम पाइपलाइन के विस्तार और कुछ इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट्स से जुड़े कामों की गति भी धीमी रही है।

नेपाल में पिछले दस वर्षों के दौरान कई प्रधानमंत्री बने हैं। बार-बार सत्ता परिवर्तन के चलते भारत को पड़ोसी देश के साथ संबंधों को निश्चित दिशा देने में मुश्किलों का सामना करना पड़ा है। ऐसे में सोमवार की बैठक को दोनों देशों के बीच पुराने समझौतों की समीक्षा और भविष्य के सहयोग की दिशा तय करने के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

Location :  New Delhi

Published :  23 November 2026, 5:17 AM IST

Advertisement