हिंदी
डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन (इमेज सोर्स- इंटरनेट)
Chennai: परिसीमन विधेयक को लेकर संसद के विशेष सत्र से पहले सियासी हलचल तेज हो गई है। केंद्र सरकार के संशोधित परिसीमन प्रस्ताव का समर्थन करने के डीएमके के फैसले के बाद कांग्रेस विपक्षी दलों के बीच सहमति बनाने में जुट गई है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को इंडिया गठबंधन के वरिष्ठ नेताओं के साथ चेन्नई जाकर डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन से मुलाकात करने की जानकारी दी। हालांकि, प्रस्तावित बैठक से पहले स्टालिन अपनी मां की तबीयत बिगड़ने के कारण अस्पताल पहुंचे। उनकी मां की हालत नाजुक बताई जा रही है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एमके स्टालिन की विपक्षी नेताओं के साथ शाम करीब चार बजे मुलाकात होने की संभावना थी। डीएमके सांसद कनिमोझी के भी दोपहर तीन बजे तक चेन्नई पहुंचने की जानकारी सामने आई थी। हालांकि, स्टालिन की मां की तबीयत बिगड़ने के बाद बैठक के समय को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।
इससे पहले राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर चेन्नई दौरे की जानकारी दी थी। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन के वरिष्ठ नेता एमके स्टालिन और डीएमके से परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयकों का विरोध करने की अपील करेंगे।
स्टालिन से मिलने पहुंचे इंडिया गठबंधन के नेता (Img X)
राहुल गांधी ने दावा किया कि लोकसभा की सीटों की संख्या बढ़ाकर 850 करने से देश के लोकतंत्र को खतरा होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे बीजेपी और आरएसएस को अपने राजनीतिक फायदे के लिए देश का चुनावी नक्शा बदलने का अवसर मिल सकता है।
राहुल गांधी ने राष्ट्रीय हित, तमिलनाडु के हित और संविधान की रक्षा के लिए स्टालिन से विपक्ष का साथ देने की अपील की है। इसी सिलसिले में विपक्षी नेताओं की मुंबई में एनसीपी (शरदचंद्र पवार) प्रमुख शरद पवार से मुलाकात भी प्रस्तावित है।
एमके स्टालिन ने राहुल गांधी की अपील पर सोशल मीडिया के जरिए प्रतिक्रिया दी। उन्होंने संविधान और राज्यों के अधिकारों की रक्षा में डीएमके की ऐतिहासिक भूमिका को स्वीकार करने के लिए राहुल गांधी का आभार जताया।
स्टालिन ने कहा कि डीएमके ने हमेशा तमिलनाडु और तमिल लोगों के हितों को प्राथमिकता देते हुए फैसले लिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी इस रास्ते पर कोई समझौता नहीं करेगी।
अपने जवाब में स्टालिन ने कट्टाबोम्मन और एट्टाप्पन का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उन्हें विश्वास है कि इतिहास उन्हें एट्टाप्पन नहीं, बल्कि कट्टाबोम्मन के रूप में याद रखेगा। कट्टाबोम्मन को अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष करने वाले वीर योद्धा के रूप में याद किया जाता है, जबकि एट्टाप्पन का इस्तेमाल विश्वासघात के प्रतीक के तौर पर किया जाता है।
डीएमके ने शनिवार को केंद्र सरकार के संशोधित परिसीमन प्रस्ताव का समर्थन करने का फैसला किया था। पार्टी का दावा है कि केंद्र सरकार ने लोकसभा में तमिलनाडु की हिस्सेदारी सुरक्षित रखने से जुड़ी उसकी मांगों को स्वीकार किया है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, डीएमके ने सभी राज्यों की लोकसभा सीटों में समान अनुपात से बढ़ोतरी करने और अगले 25 वर्षों तक 1971 की जनगणना को आधार बनाए रखने की मांग की थी। पार्टी का कहना है कि सरकार ने इन मांगों को संशोधित प्रस्ताव में शामिल किया है।
संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से शुरू होना है, जिसमें सरकार परिसीमन से जुड़े विधेयक पेश कर सकती है। ऐसे में कांग्रेस की कोशिश डीएमके को अपना फैसला बदलने के लिए राजी करने की है। हालांकि, डीएमके के समर्थन वापस लेने को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
Location : Chennai
Published : 29 November 2026, 4:05 PM IST