पानी-पानी हुआ दिल्ली सचिवालय: राहत कैंप में भी जलभराव, प्रशासन के लिए बनी बड़ी चुनौती

दिल्ली में यमुना का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर बह रहा है, जिससे शहर में बाढ़ का भीषण संकट उत्पन्न हो गया है। बाढ़ का पानी दिल्ली सचिवालय, मयूर विहार, कश्मीरी गेट और आईटीओ क्षेत्र में घुस गया है, जिससे प्रशासन की परेशानी बढ़ गई है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 4 September 2025, 11:26 AM IST
google-preferred

New Delhi: दिल्ली इस समय बाढ़ के भीषण संकट से जूझ रही है। यमुना नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है और खतरे के निशान से ऊपर बह रहा है, जिससे राजधानी के कई इलाके जलमग्न हो चुके हैं। इसका असर दिल्ली के प्रशासनिक दफ्तरों, सड़कें, राहत कैंपों और जनजीवन पर पड़ा है। स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि दिल्ली सचिवालय तक बाढ़ का पानी पहुंच चुका है, वहीं मयूर विहार फेज-1 में बनाए गए राहत कैंप भी डूब गए हैं। इसके अलावा कई इलाकों में जलभराव के कारण यातायात व्यवस्था भी पूरी तरह से प्रभावित हो गई है।

2025 में होगा 1978 वाला हाल! रौद्र रूप में बह रही यमुना नदी, झारखंड से लेकर जम्मू-कश्मीर तक बाढ़ का संकट

दिल्ली सचिवालय में बाढ़ का पानी

दिल्ली सचिवालय के पास यमुना का पानी पहुंच चुका है। सचिवालय के अंडरपास में पानी भरने से प्रशासन को राहत कार्यों में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। यहां पानी निकालने के लिए Suction पाइप्स लगाए गए हैं, लेकिन पानी का स्तर लगातार बढ़ रहा है।

कश्मीरी गेट और आईटीओ में जलभराव

यमुना के बढ़ते जलस्तर से कश्मीरी गेट बस टर्मिनल भी जलमग्न हो चुका है। वहीं, आईटीओ चौराहे पर सड़क पर पानी भरने से यातायात व्यवस्था पूरी तरह से ठप हो गई है। राजघाट की ओर जाने वाली सड़क भी प्रशासन ने एहतियातन बंद कर दी है। इस स्थिति में आने-जाने वाले लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

दिल्ली में आ सकती बाढ़! वजीराबाद में यमुना का बढ़ता जलस्तर, पाकिस्तान से आए शरणार्थियों के लिए मुसीबत

एनएच-44 पर फ्लाईओवर का हिस्सा धंसा

बारिश और बाढ़ का असर दिल्ली के बुनियादी ढांचे पर भी पड़ा है। एनएच-44 पर अलीपुर के पास बना फ्लाईओवर धंस गया, जिससे एक थ्री-व्हीलर फंस गया और ड्राइवर घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि फ्लाईओवर के नीचे की मिट्टी लगातार कट रही है और यदि समय रहते ट्रैफिक नहीं रोका गया तो बड़ा हादसा हो सकता है।

राहत कैंपों में जलभराव

दिल्ली में राहत के लिए बनाए गए कैंप भी बाढ़ के पानी से प्रभावित हो गए हैं। मयूर विहार फेज-1 के पास बनाए गए कई राहत कैंपों में पानी घुस गया है। यहां रहने वाले लोग अब दोहरी मुश्किलों का सामना कर रहे हैं। एक तरफ उन्हें घरों से विस्थापित होना पड़ा और अब राहत कैंपों में भी सुरक्षित जगह नहीं मिल रही है।

बाढ़ की स्थिति और प्रशासन की तैयारी

दिल्ली में बाढ़ की स्थिति लगातार बिगड़ रही है। प्रशासन ने जलस्तर को लेकर लगातार निगरानी रखने का दावा किया है, लेकिन आने वाले दिनों में बारिश जारी रही तो यमुना का जलस्तर और बढ़ सकता है। इस स्थिति में दिल्ली के निचले इलाकों में जलभराव और बढ़ सकता है। प्रशासन ने ट्रैफिक डायवर्जन सहित अन्य उपायों का आश्वासन दिया है, लेकिन बाढ़ के कारण लोगों की परेशानियां बढ़ती जा रही हैं।

Location :