CJP Protest : जंतर-मंतर पर रात को अभिजीत दीपके ने किससे मांगी मदद? जानिए हाथ जोड़कर क्या बोले

NEET पेपर लीक के खिलाफ जंतर-मंतर पर चल रहे CJP आंदोलन के बीच आधी रात को अभिजीत दीपके ने दिल्लीवासियों से भावुक अपील की। हाथ जोड़कर उन्होंने कहा, "हमें आपकी जरूरत है" और लोगों से सुबह 9 बजे धरने में शामिल होने का आह्वान किया।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 21 June 2026, 3:51 AM IST
google-preferred

New Delhi : रात के करीब 12 बज चुके थे। दिल्ली पुलिस बार-बार जंतर-मंतर खाली करने की अपील कर रही थी, लेकिन मंच पर खड़े कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके कुछ और ही संदेश देने की तैयारी में थे। पुलिस की मौजूदगी और लगातार बढ़ते दबाव के बीच दीपके ने हाथ जोड़कर दिल्लीवासियों से मदद मांगी और कहा, "हमें आपकी जरूरत है।" इसके साथ ही उन्होंने ऐलान कर दिया कि NEET पेपर लीक के खिलाफ चल रहा आंदोलन पूरी रात जारी रहेगा और प्रदर्शनकारी जंतर-मंतर नहीं छोड़ेंगे।

दीपके ने मंच से कहा कि लाखों छात्रों और युवाओं के भविष्य का सवाल है। उन्होंने दिल्ली के लोगों से अपील की कि वे रविवार सुबह 9 बजे बड़ी संख्या में जंतर-मंतर पहुंचकर आंदोलन का समर्थन करें।

रातभर धरनास्थल पर डटे रहे प्रदर्शनकारी

देर रात तक जंतर-मंतर पर सैकड़ों प्रदर्शनकारी मौजूद रहे। कई लोगों ने धरनास्थल पर ही चादर बिछाकर रात गुजारने की तैयारी कर ली, जबकि कुछ कार्यकर्ता पूरी रात आंदोलन को जारी रखने के लिए नारेबाजी करते रहे। माहौल में लगातार "Go Pradhan Go" और "Justice for Students" के नारे सुनाई देते रहे।

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जब तक उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक वे पीछे हटने वाले नहीं हैं।

पुलिस करती रही अपील

प्रदर्शन की अनुमति शाम 5 बजे तक ही थी। समय सीमा समाप्त होने के कई घंटे बाद भी धरना जारी रहा। दिल्ली पुलिस ने लाउडस्पीकर के जरिए कई बार प्रदर्शनकारियों से स्थल खाली करने को कहा। हालांकि प्रदर्शनकारियों ने जाने से इनकार कर दिया और धरने पर डटे रहे।

मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस लगातार हालात पर नजर रखे हुए थी। देर रात तक किसी टकराव की सूचना नहीं मिली।

धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर अड़ा CJP

CJP का कहना है कि NEET पेपर लीक मामले में जवाबदेही तय होनी चाहिए। इसी मांग को लेकर संगठन केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहा है। अभिजीत दीपके पहले भी साफ कर चुके हैं कि जब तक इस्तीफा नहीं होता, आंदोलन समाप्त नहीं होगा।

दीपके ने मंच से कहा कि जेल भेज दो, लेकिन हम यहां से नहीं हटेंगे। यह लड़ाई छात्रों के भविष्य की है और इसे अंत तक लड़ेंगे।

रविवार को और बड़ी भीड़ जुटाने की तैयारी

आधी रात को दिए गए संदेश में दीपके ने दिल्लीवासियों से अगले दिन सुबह 9 बजे जंतर-मंतर पहुंचने की अपील की। उन्होंने कहा कि आंदोलन को मजबूत बनाने के लिए आम लोगों का साथ जरूरी है।

अब सभी की नजरें टिकी हैं। जब CJP आंदोलन को और बड़ा बनाने की कोशिश करेगी।

Location :  New Delhi

Published :  21 June 2026, 3:50 AM IST

Advertisement