हिंदी
इलाज के दौरान बुजुर्ग ने तोड़ा दम (Image Source: Dynamite News)
Chaibasa: झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के सुदूरवर्ती गुदड़ी थाना क्षेत्र से एक बेहद ही दर्दनाक और रोंगटे खड़े कर देने वाले सड़क हादसे की खबर सामने आई है। शनिवार को कमर गांव के पास उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब स्थानीय सेरेंगगदा साप्ताहिक बाजार से खरीदारी कर लौट रहे ग्रामीणों से भरी एक सवारी गाड़ी को पीछे से आ रही तेज रफ्तार जेसीबी मशीन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सवारी गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग लहूलुहान होकर सड़क पर बिखर गए।
इस दिल दहला देने वाले हादसे में कुल चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय ग्रामीणों की तत्परता से सभी घायलों को तुरंत सोनुवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया। डॉक्टरों ने घायलों की नाजुक हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें तुरंत चाईबासा सदर अस्पताल रेफर कर दिया। दुर्भाग्यवश, अस्पताल ले जाने के रास्ते में ही 60 वर्षीय बुजुर्ग एतवा मोतिया ने दम तोड़ दिया। अन्य घायलों में आर्यन माझी और 55 वर्षीय डेबो मछुवाइन के पैर टूट गए हैं, जबकि बासु नाग के सिर पर गंभीर चोट आई है।
हादसे की सूचना जैसे ही गुदड़ी प्रखंड की जिला परिषद सदस्य सुनीता लुगुन को मिली, उन्होंने संवेदनशीलता की एक बड़ी मिसाल पेश की। क्षेत्र की भौगोलिक विषमताओं को पीछे छोड़ते हुए वे अपने पति व समाजसेवी रमेश लुगुन के साथ मोटरसाइकिल से रात के घने अंधेरे में करीब 100 किलोमीटर का सफर तय कर रात 11 बजे चाईबासा सदर अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने घायल ग्रामीणों के बेहतर इलाज के लिए डॉक्टरों से बात की और पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाया।
#Chaibasa: गुदड़ी के कमर गांव में भीषण सड़क हादसा! बाजार से लौट रही सवारी गाड़ी को बेकाबू जेसीबी ने मारी जोरदार टक्कर, हादसे में एक बुजुर्ग की मौत, 3 गंभीर रूप से घायल।#ChaibasaRoadAccident #JharkhandNews #GudriMishap #RoadSafety #CrimeNews pic.twitter.com/sjJeFIrhGG
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) June 21, 2026
हादसे के बाद घायल आर्यन की माँ और स्थानीय सहिया बसंती माझी का रो-रोकर बुरा हाल है। इस बीच जिला परिषद सदस्य सुनीता लुगुन ने कहा कि सुदूर ग्रामीण इलाकों में दुर्घटना होने के बाद समय पर आपातकालीन चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना आज भी एक बड़ी चुनौती है। उन्होंने जिला प्रशासन से इन सुदूरवर्ती सड़कों पर भारी वाहनों की रफ्तार पर अंकुश लगाने और बेहतर सड़क सुरक्षा के इंतजाम करने की पुरजोर मांग की है।
घटना के तुरंत बाद आरोपी जेसीबी चालक मशीन को छोड़कर मौके से फरार हो गया। गुदड़ी थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुर्घटनाग्रस्त सवारी गाड़ी और जेसीबी दोनों को जब्त कर लिया है और चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
रात से सुबह हुई पर जंग अभी भी जारी… थाली-चम्मच से फिर गूंजा जंतर-मंतर! दीपके ने किया बड़ा ऐलान
स्थानीय ग्रामीणों ने इस घटना के विरोध में रोष व्यक्त किया है। उनका कहना है कि बाजार के दिनों में तंग ग्रामीण सड़कों पर निर्माण कार्यों में लगी भारी मशीनरी और तेज रफ्तार वाहनों के प्रवेश को प्रतिबंधित किया जाना चाहिए ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।
Location : Chaibasa
Published : 21 June 2026, 9:54 AM IST