CJP Protest : आखिर क्यों नहीं हटे अभिजीत दीपके? जंतर-मंतर की रात में हुआ बड़ा घटनाक्रम

जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की समय सीमा खत्म हो गई, दिल्ली पुलिस लगातार अपील करती रही, लेकिन अभिजीत दीपके मंच से नहीं हटे। आधी रात को 'Go Pradhan Go' के नारे गूंजे, प्रदर्शनकारी जमीन पर सोते नजर आए और दीपके ने हाथ जोड़कर दिल्लीवासियों से समर्थन मांगा। पढ़िए जंतर-मंतर की पूरी रात की कहानी।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 21 June 2026, 5:48 AM IST
google-preferred

New Delhi : जंतर-मंतर पर शनिवार रात एक ऐसा घटनाक्रम देखने को मिला जिसने NEET पेपर लीक के खिलाफ चल रहे आंदोलन को नया मोड़ दे दिया। प्रदर्शन की निर्धारित समय सीमा खत्म हो चुकी थी। दिल्ली पुलिस लगातार धरनास्थल खाली करने की घोषणा कर रही थी। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके मंच से उतरने को तैयार नहीं थे। रात बढ़ती गई। पुलिस की अपीलें तेज होती गईं। दीपके और उनके समर्थक जंतर-मंतर पर डटे रहे। सवाल उठने लगा कि आखिर ऐसा क्या था। जिसकी वजह से अभिजीत दीपके ने पीछे हटने से इनकार कर दिया?

'इस्तीफा नहीं, तो वापसी नहीं'

दरअसल, पूरे आंदोलन का केंद्र केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा बना रहा। अभिजीत दीपके ने मंच से साफ कहा कि जब तक धर्मेंद्र प्रधान अपने पद से इस्तीफा नहीं देते, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि NEET पेपर लीक मामले में लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है और इसकी जवाबदेही तय होनी चाहिए।

दीपके ने यहां तक कह दिया कि अगर उन्हें गिरफ्तार किया जाता है या जेल भेजा जाता है। तब भी वे आंदोलन खत्म नहीं करेंगे। उनका बयान आते ही प्रदर्शनकारियों ने जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी।

आधी रात को गूंजे 'Go Pradhan Go' के नारे

रात गहराने के साथ ही जंतर-मंतर का माहौल और गर्म हो गया। प्रदर्शनकारियों ने थाली-चम्मच बजाकर विरोध जताया और 'Go Pradhan Go' के नारे लगाने शुरू कर दिए। देर रात तक पूरा इलाका नारों से गूंजता रहा।

मंच से बार-बार छात्रों के भविष्य, परीक्षा प्रणाली में सुधार और जवाबदेही की बात उठाई जाती रही। कई प्रदर्शनकारी पूरी रात धरनास्थल पर ही मौजूद रहे।

हाथ जोड़कर मांगा दिल्लीवासियों का साथ

रात के दौरान सबसे बड़ा घटनाक्रम तब हुआ जब अभिजीत दीपके ने हाथ जोड़कर दिल्लीवासियों से आंदोलन में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा, "हमें आपकी जरूरत है। यह देश के युवाओं के भविष्य की लड़ाई है।"

दीपके ने लोगों से अगले दिन सुबह 9 बजे जंतर-मंतर पहुंचकर आंदोलन को समर्थन देने का आह्वान किया। उनका यह भावुक संदेश सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बन गया।

जमीन पर सोए प्रदर्शनकारी

डाइनामाइट न्यूज़ की देर रात की ग्राउंड रिपोर्टिंग में कई प्रदर्शनकारी धरनास्थल पर ही जमीन पर सोते नजर आए। कुछ लोगों ने चादर बिछाकर रात गुजारी, जबकि कई कार्यकर्ता पूरी रात जागकर आंदोलन में जुटे रहे।

पुलिस की अपील और प्रदर्शनकारियों का संकल्प

दिल्ली पुलिस लगातार लाउडस्पीकर के जरिए प्रदर्शनकारियों से धरनास्थल खाली करने की अपील करती रही। हालांकि देर रात तक किसी तरह के बल प्रयोग की सूचना नहीं मिली। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच गतिरोध बना रहा। आंदोलन जारी रहा।

Location :  New Delhi

Published :  21 June 2026, 5:48 AM IST

Advertisement