हिंदी
चतरा में फौजी के घर चोरी (Img: Dynamite News)
Chatra: चतरा जिले के सदर थाना क्षेत्र स्थित दारियातू पंचायत के कमात गांव में चोरी की एक बड़ी घटना सामने आई है। चोरों ने कुछ ही घंटों के लिए बंद पड़े एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात, नकदी और कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। पीड़ित रंजीत सिंह ने सदर थाना में लिखित शिकायत देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज करने और जल्द कार्रवाई की मांग की है।
रंजीत सिंह के अनुसार, 19 जून की शाम करीब चार बजे वह परिवार के साथ पलामू जिले के पांकी में एक तिलक समारोह में शामिल होने गए थे। घर को अच्छी तरह बंद कर वे कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। रात करीब 2:50 बजे जब परिवार वापस लौटा तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। घर के अंदर पहुंचते ही उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। कमरों के ताले टूटे पड़े थे और पूरा सामान बिखरा हुआ था। अलमारियों और गोदरेज के लॉक भी तोड़ दिए गए थे।
परिजनों के मुताबिक, चोर घर से सोने और चांदी के कई कीमती आभूषण लेकर फरार हो गए। चोरी हुए सामान में मंगलसूत्र, सोने की बालियां, अंगूठियां, सोने का सिक्का, चेन, झुमके, चांदी के पायल, सिक्के, बर्तन और अन्य कीमती सामान शामिल हैं। इसके अलावा घर में रखी नकदी भी चोर अपने साथ ले गए। पीड़ित परिवार ने चोरी हुए सामान की कुल कीमत करीब आठ लाख रुपये बताई है।
घटना के बाद गांव में एक संदिग्ध चार पहिया वाहन की चर्चा भी शुरू हो गई है। ग्रामीणों का कहना है कि चोरी वाली रात एक वाहन घर के आसपास घूमता देखा गया था। वाहन में कुछ लोगों के होने की भी जानकारी मिली है। रंजीत सिंह ने पुलिस को कुछ संदिग्ध लोगों और वाहन से जुड़ी जानकारी भी उपलब्ध कराई है। उन्हें आशंका है कि चोरी की घटना में उसी वाहन में सवार लोगों का हाथ हो सकता है।
गौरतलब है कि पीड़ित परिवार का छोटा बेटा सतीश सिंह भारतीय वायुसेना में कार्यरत है और वर्तमान में आगरा में तैनात है। ऐसे परिवार के घर में हुई बड़ी चोरी ने इलाके के लोगों को भी हैरान कर दिया है।
मामले को लेकर एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने कहा कि शिकायत मिलने के बाद जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर काम कर रही है और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि अपराधियों की पहचान के लिए तकनीकी और मानवीय दोनों स्रोतों की मदद ली जा रही है। पुलिस का दावा है कि मामले का जल्द खुलासा कर चोरी में शामिल लोगों को गिरफ्तार किया जाएगा
Location : Chatra
Published : 20 June 2026, 4:56 PM IST
Topics : Chatra News Jharkhand News Theft Case