हिंदी
पीएम मोदी, व्लादिमीर पुतिन और शी जिनपिंग ((Image: Social Media)
New Delhi: नई दिल्ली में 12 और 13 सितंबर को होने वाले 18वें BRICS लीडर्स समिट को लेकर तैयारियां अंतिम दौर में हैं। भारत मंडपम में दुनिया के कई बड़े नेता जुटेंगे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनकी मेजबानी करेंगे। इस बार समिट सिर्फ कूटनीतिक बैठकों तक सीमित नहीं रहने वाला, बल्कि विदेशी मेहमानों को भारतीय संस्कृति, खान-पान और परंपरा से रूबरू कराने पर भी खास जोर दिया गया है। डिनर टेबल पर उत्तर प्रदेश के गलौटी कबाब, महाराष्ट्र की भाकरवड़ी और राजस्थान की कचौड़ी जैसे देश के अलग-अलग हिस्सों के मशहूर स्वाद नजर आएंगे।
समिट में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग समेत कई राष्ट्राध्यक्ष और प्रतिनिधिमंडल शामिल होंगे। पुतिन के ITC मौर्या और जिनपिंग के ताज पैलेस में ठहरने की उम्मीद है। UAE के नेतृत्व वाला प्रतिनिधिमंडल द लीला पैलेस और मिस्र का प्रतिनिधिमंडल शेरेटन नई दिल्ली में ठहर सकता है। इन होटलों में मेहमानों के स्वागत के लिए कई हफ्तों से तैयारियां चल रही हैं।
द लीला पैलेस के मेन्यू में दाल मखनी, बिरयानी और दिल्ली स्टाइल चाट के साथ सत्तू, बाजरा और रागी डोसा जैसे मिलेट व्यंजन शामिल किए गए हैं। मेहमानों को मिलेट्स कुकीज और ग्रेनोला बार के साथ गुलाब, केसर और इलायची से तैयार खाने योग्य कमल भी परोसा जा रहा है। ताज महल होटल में देश के अलग-अलग राज्यों के स्नैक्स पर खास फोकस है। इसमें कश्मीर के मसालेदार अखरोट, पुरानी दिल्ली का मैदा काजू, महाराष्ट्र की भाकरवड़ी, राजस्थान की मिनी कचौड़ी, बंगाल की कूचो निमकी और तमिलनाडु का मुरुक्कू शामिल हैं।
द ललित में भी मेहमानों के लिए भारतीय स्वाद का खास इंतजाम किया गया है। यहां गलौटी कबाब और तंदूरी रोटियों के साथ दक्षिण भारतीय डोसा और अप्पम जैसे व्यंजन भी परोसे जाएंगे। यानी डिनर टेबल पर उत्तर से दक्षिण और पूर्व से पश्चिम तक भारत के अलग-अलग स्वादों की झलक मिलेगी।
BRICS जैसे बड़े अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में डिनर सिर्फ खाना नहीं होता, बल्कि इसे ‘Dinner Diplomacy’ का हिस्सा माना जाता है। औपचारिक बैठकों के बजाय खाने की मेज पर नेता अपेक्षाकृत सहज माहौल में बातचीत कर सकते हैं। ऐसे अनौपचारिक संवाद कई बार रिश्तों में भरोसा बढ़ाने और मुश्किल मुद्दों पर बातचीत की जमीन तैयार करने में मदद करते हैं।
समिट के दौरान भारत मंडपम में ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ प्रदर्शनी भी लगाई गई है। इसमें देशभर के 70 अनोखे कला और हथकरघा उत्पाद प्रदर्शित किए जा रहे हैं। इसका मकसद भारत के अलग-अलग जिलों के स्थानीय उत्पादों और कारीगरी को अंतरराष्ट्रीय मेहमानों के सामने पेश करना है।
Location : New Delhi
Published : 12 September 2026, 4:54 PM IST