हिंदी
मुंबई में प्री-मानसून की शुरुआत
मुंबई : 20 मई की शाम को मुंबई में अचानक मौसम बदल गया और प्री-मानसून की पहली बारिश ने शहर को भिगो दिया। बारिश के साथ-साथ तेज आंधी और बिजली भी गिरी, जिससे कई इलाकों में यातायात प्रभावित हुआ।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक, पश्चिमी उपनगरों में सबसे ज्यादा बारिश हुई। जोगेश्वरी में 63 मिमी, अंधेरी (मालपा डोंगरी) में 57 मिमी और अंधेरी (पूर्व) में 40 मिमी बारिश दर्ज की गई। पवई (38 मिमी), भांडुप (29 मिमी) और टेंभी पाड़ा (27 मिमी) जैसे पूर्वी उपनगरों में भी अच्छी बारिश हुई।
रात 8 से 11 बजे के बीच दक्षिण मुंबई में औसतन 12.86 मिमी, पूर्वी उपनगरों में 15.65 मिमी और पश्चिमी उपनगरों में 26.63 मिमी बारिश हुई। अंधेरी सबवे में जलभराव से यातायात बाधित हुआ, लेकिन शहर के बाकी हिस्सों में कोई बड़ी समस्या नहीं हुई।
एक पेड़ गिरने और शॉर्ट सर्किट की घटना को छोड़कर कोई गंभीर दुर्घटना नहीं हुई। लोकल ट्रेन सेवाएं सामान्य रहीं, हालांकि कुछ यात्रियों ने मामूली देरी की शिकायत की।
मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है कि 21 से 24 मई के बीच महाराष्ट्र के कई इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। इसकी वजह अरब सागर में कर्नाटक तट के पास बन रहा चक्रवाती परिसंचरण तंत्र है, जो 22 मई के आसपास कम दबाव वाले क्षेत्र में बदल सकता है।
मौसम विज्ञानी शुभांगी भूटे के मुताबिक, इस सिस्टम के चलते मुंबई, दक्षिण कोंकण और दक्षिण-मध्य महाराष्ट्र में तेज हवाएं (30-40 किमी प्रति घंटे) चल सकती हैं और गरज के साथ भारी बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग स्थिति पर नजर रख रहे हैं। लोगों को बारिश के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।
बता दें कि, प्रदेशभर में भीषण गर्मी का दौर शुरू हो चुका है। ऐसे में गर्मी ने लोगों का जीना बेहाल कर दिया है। यूपी की बात करें तो यहां भी जिलों में भयंकर गर्मी पड़ रही है। लेकिन आने वाले दिनों में मौसम विभाग ने बारिश को लेकर अलर्ट किया है।
Location : Mumbai
Published : 21 May 2025, 9:19 AM IST
Topics : Mumbai Pre Monsoon Mumbai Pre Monsoon Update Mumbai Rain Mumbai weather Mumbai Weather News
No related posts found.