मुंबई में मूसलाधार बारिश का तांडव: कुर्ला और घाटकोपर में भारी भूस्खलन, दो की मौत और कई फंसे

मुंबई के कुर्ला और घाटकोपर इलाके में भारी बारिश के कारण हुए भीषण भूस्खलन में दो लोगों की मौत हो गई है और 6-8 लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका है। बीएमसी, एनडीआरएफ और दमकल विभाग की टीमें युद्ध स्तर पर राहत एवं बचाव अभियान चला रही हैं।

Updated : 12 August 2026, 9:48 AM IST
google-preferred

Mumbai: महाराष्ट्र की आर्थिक राजधानी मुंबई में मानसून की मूसलाधार बारिश ने एक बार फिर विकराल रूप धारण कर लिया है। भारी बारिश के चलते मुंबई के कुर्ला और घाटकोपर इलाके में एक बड़ा और दर्दनाक हादसा सामने आया है। बीती रात लगातार हो रही बारिश के कारण पहाड़ी से अचानक भूस्खलन हो गया, जिसकी चपेट में कई रिहायशी घर आ गए। इस दुर्घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया है।

दुर्घटना का समय और प्रभावित क्षेत्र

यह दुखद घटना बुधवार तड़के लगभग 3:00 बजे से 3:48 बजे के बीच की है। प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार, भूस्खलन की यह चपेट कुर्ला के राठौड़ मेडिकल के पास स्थित चिराग नगर की गौशिया चॉल और घाटकोपर पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में आने वाले अशोकनगर इलाके को प्रभावित कर गई। रात का समय होने और नींद में सो रहे लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला, जिसके कारण मलबा सीधे मकानों पर आ गिरा।

Mumbai Rain Alert: मुंबई, ठाणे और पालघर में भारी बारिश का RED ALERT, दोपहर में आएगा 4.26 मीटर ऊंचा हाई टाइड

डीसीपी गणेश शिंदे का आधिकारिक बयान

घटना की पुष्टि करते हुए डीसीपी गणेश शिंदे ने बताया कि लगातार बारिश के कारण अशोकनगर क्षेत्र में यह भूस्खलन हुआ है। उन्होंने जानकारी दी कि तड़के करीब 3 बजे हुए इस हादसे के तुरंत बाद राहत कार्यों की शुरुआत कर दी गई थी। शुरुआती आकलन में 4 से 5 लोगों के फंसे होने की बात सामने आई थी। स्थिति को संभालने और तेजी से राहत पहुंचाने के लिए पुलिस बल के साथ-साथ बीएमसी और एनडीआरएफ की टीमों को तुरंत तैनात कर दिया गया।

युद्ध स्तर पर जारी है राहत और बचाव अभियान

बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) द्वारा दी गई ताजा जानकारी के अनुसार, वर्तमान में मलबे के नीचे 6 से 8 लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। मौके पर मुंबई फायर ब्रिगेड, स्थानीय पुलिस, आपातकालीन 108 एंबुलेंस सेवाएं, एनडीआरएफ (NDRF) और वार्ड का प्रशासनिक स्टाफ संयुक्त रूप से युद्ध स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चला रहा है। मलबे को हटाने का काम तेज गति से किया जा रहा है ताकि समय रहते अंदर फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके।

Mumbai-Hyderabad Bullet Train: मुंबई से हैदराबाद सिर्फ 3 घंटे में! फाइनल हुई बुलेट ट्रेन की DPR, जानें रूट और स्टेशनों की डिटेल

दो शव बरामद और घायलों की पहचान

इस हृदयविदारक हादसे में अब तक दो लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जिनके शवों को मलबे से निकालकर पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी औपचारिकताओं के लिए नजदीकी अस्पताल भेज दिया गया है। इसके अलावा, इस दुर्घटना में दो किशोर घायल हुए हैं, जिनकी पहचान 18 वर्षीय सोहेल अंसारी और 14 वर्षीय मोहम्मद अंसारी के रूप में हुई है। प्रशासन और बचाव दल मलबे में फंसे अन्य सभी लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए पूरी मुस्तैदी से जुटे हुए हैं।

Location :  Mumbai

Published :  12 August 2026, 9:48 AM IST

Related News

Advertisement