हिंदी
मुंबई-हैदराबाद कॉरिडोर पर आया बड़ा अपडेट (Img- Internet)
Mumbai: देश की पहली अहमदाबाद-मुंबई बुलेट ट्रेन का फर्स्ट लुक सामने आने के बाद अब मुंबई-पुणे-हैदराबाद हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर को लेकर एक बहुत बड़ी खुशखबरी आई है। नेशनल हाई-स्पीड रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (NHSRCL) ने तेलंगाना सरकार को सूचित किया है कि रूट सर्वे का काम सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट की डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) को फाइनल कर दिया गया है। पिछले दिनों केंद्र की पीएम मोदी सरकार ने इस नए बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट के कॉरिडोर को मंजूरी दी थी, जिससे अब हैदराबाद और मुंबई के बीच कनेक्टिविटी बेहद तेज और आधुनिक हो जाएगी।
इस हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर के शुरू होने से दोनों महानगरों के बीच यात्रा के समय में भारी कमी आएगी। फिलहाल, मुंबई से हैदराबाद के बीच सड़क मार्ग से सफर करने में लगभग 12 घंटे और आम एक्सप्रेस ट्रेनों से करीब 15 घंटे का लंबा समय लगता है।
लेकिन बुलेट ट्रेन शुरू होने के बाद यह सफर कम से कम 2 घंटे 55 मिनट और अधिकतम 3 घंटे 13 मिनट में पूरा हो जाएगा। केंद्र सरकार ने फरवरी 2026 के केंद्रीय बजट में जिन 7 नए हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर को विकसित करने का ऐलान किया था, यह प्रोजेक्ट उसी का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है।
भारत की पहली बुलेट ट्रेन जल्द होगी शुरू, मुंबई-अहमदाबाद का सफर सिर्फ 2 घंटे 7 मिनट में
मुंबई वाया पुणे से हैदराबाद तक का यह प्रस्तावित बुलेट ट्रेन कॉरिडोर कुल 671 किलोमीटर लंबा होगा। यह कॉरिडोर देश के तीन प्रमुख राज्यों महाराष्ट्र, कर्नाटक और तेलंगाना से होकर गुजरेगा। इस रूट के तहत महाराष्ट्र में सबसे लंबा 457 किमी, कर्नाटक में 121 किमी और तेलंगाना में 93 किमी का ट्रैक बिछाया जाएगा।
इस पूरे अलाइनमेंट में अत्याधुनिक एलिवेटेड ट्रैक, अंडरग्राउंड सेक्शन, टनल (सुरंगें) और विशाल नदियों पर पुल बनाए जाएंगे। तकनीकी रिपोर्ट के अनुसार, इस पूरे रूट पर 101 छोटे-बड़े पुलों का निर्माण किया जाएगा, जिनमें 13 विशेष स्टील पुल होंगे। इसके अलावा मुला-मुथा, भीमा और बोरी जैसी बड़ी नदियों पर क्रॉसिंग बनाई जाएगी। इस रूट पर चलने वाली हर बुलेट ट्रेन में 16 कोच होंगे, जिनमें एक बार में 1,215 यात्री सफर कर सकेंगे।
Location : Mumbai
Published : 19 May 2026, 3:34 PM IST