नौतपा की गर्मी में दही-छाछ और नींबू पानी भी बन सकते हैं नुकसान की वजह

नौतपा की भीषण गर्मी में दही, छाछ और नींबू पानी फायदेमंद हैं, लेकिन गलत समय या ज्यादा मात्रा में सेवन नुकसान पहुंचा सकता है। खाली पेट या धूप से लौटकर ठंडा नींबू पानी पीने से एसिडिटी बढ़ सकती है। रात में दही और अधिक छाछ का सेवन गले, कमजोरी और पाचन संबंधी दिक्कतें पैदा कर सकता है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 22 May 2026, 3:00 PM IST
google-preferred

New Delhi: गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है और मौसम विभाग भी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दे रहा है। 25 मई से शुरू होने वाले नौतपा के 9 दिन साल के सबसे गर्म दिनों में गिने जाते हैं। ऐसे में लोग शरीर को ठंडा रखने के लिए दही, छाछ, लस्सी और नींबू पानी जैसी चीजों का ज्यादा सेवन करने लगते हैं। हालांकि ये सभी चीजें सेहत के लिए फायदेमंद मानी जाती हैं, लेकिन अगर इन्हें गलत समय या गलत तरीके से लिया जाए तो फायदे की जगह नुकसान भी हो सकता है।

खाली पेट नींबू पानी पीना पड़ सकता है भारी

गर्मी में नींबू पानी शरीर को तुरंत ऊर्जा देने और डिहाइड्रेशन से बचाने में मदद करता है। लेकिन कई लोग सुबह खाली पेट या तेज धूप से लौटने के तुरंत बाद बर्फ वाला नींबू पानी पी लेते हैं। ऐसा करना हर किसी के लिए सही नहीं माना जाता।

जिन लोगों को पहले से एसिडिटी, गैस, पेट में जलन या अल्सर जैसी समस्या है, उनके लिए ज्यादा नींबू नुकसानदायक हो सकता है। बहुत ज्यादा खट्टा या ठंडा नींबू पानी पेट की परेशानी बढ़ा सकता है और शरीर के तापमान पर भी अचानक असर डाल सकता है।

दही खाने का सही समय जानना जरूरी

दही को गर्मियों का सुपरफूड माना जाता है। इसमें मौजूद प्रोबायोटिक्स पाचन को बेहतर बनाने में मदद करते हैं और शरीर को ठंडक भी देते हैं। लेकिन दही का सेवन सही समय पर करना बेहद जरूरी है।

विशेषज्ञों के अनुसार दिन में दही खाना ज्यादा फायदेमंद होता है। वहीं रात में दही खाने से कई लोगों को गले में खराश, बलगम, सर्दी या भारीपन महसूस हो सकता है। खासतौर पर जिन लोगों की इम्युनिटी कमजोर हो या जिन्हें साइनस की परेशानी हो, उन्हें रात में दही खाने से बचना चाहिए।

जरूरत से ज्यादा छाछ पीना भी सही नहीं

छाछ गर्मियों में शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद करती है और पाचन के लिए भी अच्छी मानी जाती है। लेकिन इसका ज्यादा सेवन शरीर में कमजोरी, बार-बार पसीना आने और नमक की कमी जैसी समस्याएं पैदा कर सकता है।

विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि छाछ में हल्का भुना जीरा और काला नमक मिलाकर सीमित मात्रा में सेवन करना ज्यादा फायदेमंद होता है।

Vastu Yantra: बिजनेस में चाहते हैं बंपर तरक्की? तो ऑफिस की इस दीवार पर लगाएं वास्तु यंत्र, खिंची चली आएगी लक्ष्मी

गर्मी में रखें खान-पान का संतुलन

नौतपा के दौरान शरीर को ठंडा रखना जरूरी है, लेकिन किसी भी चीज का जरूरत से ज्यादा सेवन नुकसान पहुंचा सकता है। इसलिए दही, छाछ और नींबू पानी का सेवन संतुलित मात्रा में और सही समय पर करें। साथ ही पर्याप्त पानी पिएं और तेज धूप में बाहर निकलने से बचें।

Location :  New Delhi

Published :  22 May 2026, 3:00 PM IST

Related News

No related posts found.

Advertisement