
मन को शांत करने के उपाय (सोर्स-AI Generated )
New Delhi: भागदौड़ भरी जिंदगी और काम के भारी दबाव के बीच अक्सर हमारा मन तमाम तरह की चिंताओं में घिरा रहता है। भविष्य की फिक्र, करियर की उलझनें या व्यक्तिगत जीवन के तनाव अक्सर मानसिक शांति को छिन लेते हैं। यदि आप भी इन उलझनों से परेशान हैं, तो जीवन जीने के जापानी तौर-तरीके आपके लिए बेहद मददगार साबित हो सकते हैं। इन छोटे-छोटे और बेहद असरदार जापानी हैक्स को अपनी दिनचर्या में शामिल करके मन को शांत और जीवन को आसान बनाया जा सकता है।
अक्सर हम घर की साफ-सफाई को केवल एक काम या मजबूरी समझते हैं, लेकिन जापानी संस्कृति में इसे माइंडफुलनेस यानी सचेत जागरूकता के रूप में देखा जाता है। जब आप अपने आस-पास के परिवेश को साफ करते हैं, तो यह न केवल बाहरी व्यवस्था बनाता है बल्कि आपके भीतर चल रहे मानसिक शोर को भी शांत करता है। यह प्रक्रिया आपको खुद को रीसेट करने और तरोताजा महसूस करने का बेहतरीन मौका देती है।
खाना खाने से पहले प्रकृति और उन सभी लोगों के प्रति विनम्रता व्यक्त करना, जिन्होंने इस भोजन को आप तक पहुंचाया है, जापानी संस्कृति का एक अहम हिस्सा है। हालांकि यह विचार भारतीय संस्कृति की जड़ों में भी गहराई से समाया हुआ है, लेकिन आधुनिक जीवनशैली की भागदौड़ में हम इसे अक्सर भूल जाते हैं। भोजन को सम्मान देना और उसके प्रति आभार (Gratitude) प्रकट करना मन को संतुष्टि और शांति से भर देता है।
दिनभर की थकान और तनाव को दूर करने के लिए पानी का थेरेपी की तरह इस्तेमाल करना जापान में बहुत आम है। 'युबुने नित्सुकारु' का अर्थ है गुनगुने पानी से भरे बाथटब में आराम से बैठना या नहाना। रोजाना कुछ देर गुनगुने पानी में समय बिताने से न केवल शारीरिक थकान दूर होती है, बल्कि मानसिक तनाव भी छूमंतर हो जाता है और आप खुद से जुड़ाव महसूस करते हैं।
गुनगुने पानी से स्नान (सोर्स-AI Generated )
जापानी शब्द 'मोत्ताईनाई' का सरल अर्थ है- किसी भी चीज की बर्बादी न करना। इस सोच को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाकर आप अपने सामान की बेहतर देखभाल कर सकते हैं, टूटी-फूटी चीजों को सुधारकर दोबारा इस्तेमाल कर सकते हैं और पानी व भोजन जैसे अमूल्य संसाधनों को व्यर्थ होने से बचा सकते हैं। यह जीवन में सादगी और ठहराव लाने का एक शानदार तरीका है।
'हायाओकी' का सीधा मतलब है सुबह जल्दी उठना, जो ठीक वैसा ही है जैसा हमारी प्राचीन संस्कृति में ब्रह्म मुहूर्त में जागने को कहा गया है। यह अभ्यास हमें सुबह की पहली किरण के साथ ही सीधे काम के बोझ में कूद पड़ने के बजाय, शांति के कुछ पल अपने साथ बिताने की बात करता है। जापानियों का मानना है कि सुबह के शुरुआती कुछ शांत पल पूरे दिन के रूटीन को आसान बनाते हैं और तनाव को कोसों दूर रखते हैं।
Location : New Delhi
Published : 30 October 2026, 5:51 PM IST
Topics : Daily routine lifestyle Japanese hacks for mental peace Lifestyle News mental health tips Stress Relief Tips