
वेतन न मिलने से नाराज कर्मचारी
Dhanbad: धनबाद जिले के बलियापुर प्रखंड में जलापूर्ति योजना से जुड़ा एक बड़ा विवाद सामने आया है। पिछले एक वर्ष से वेतन न मिलने से नाराज मजदूरों ने पानी सप्लाई पूरी तरह ठप कर दी है, जिससे इलाके में जल संकट गहराने लगा है।
जलापूर्ति योजना से जुड़े पंप ऑपरेटर, मैनेजर, गार्ड और अन्य कर्मियों का आरोप है कि संबंधित कंपनी ने पिछले एक साल से उनका वेतन नहीं दिया है। कर्मचारियों का कहना है कि वे वर्ष 2016 से लगातार इस योजना में कार्यरत हैं, लेकिन अब उनकी आर्थिक स्थिति बेहद खराब हो चुकी है।
मजदूरों ने कंपनी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि न केवल उनका वेतन रोका गया है, बल्कि न्यूनतम मजदूरी अधिनियम का भी पालन नहीं किया जा रहा है। इसके अलावा कर्मचारियों ने यह भी दावा किया कि उनके वेतन से EPF की कोई कटौती नहीं की गई, जो श्रम कानूनों का सीधा उल्लंघन है।
अपनी मांगों को लेकर मजदूरों ने भाजपा नेता रमेश राही के नेतृत्व में सहायक श्रम आयुक्त प्रवीन कुमार और पीएचडी विभाग के अधिकारियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने अपनी समस्याओं को विस्तार से रखते हुए एक ज्ञापन भी सौंपा।
Dhanbad: वेतन बकाया से नाराज जलापूर्ति कर्मियों ने सप्लाई की ठप , दी ये बड़ी चेतावनी #DhanbadNews #JharkhandNews pic.twitter.com/bMlc2YNbRD
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) March 17, 2026
मजदूरों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर उनका बकाया वेतन नहीं दिया गया, तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे। उनका कहना है कि लंबे समय से अनदेखी के कारण अब उनके पास आंदोलन के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है।
मजदूरों के इस कदम से बलियापुर और आसपास के क्षेत्रों में जल संकट की स्थिति उत्पन्न हो गई है। यदि जल्द समाधान नहीं निकला, तो आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। वही इस पूरे मामले पर उपायुक्त ने कहा कि संबंधित अधिकारियों को इसकी सूचना दी गई है अगर संवेदक द्वारा पैसा रोका गया है तो उन पर भी कार्रवाई की जाएगी।
Location : Dhanbad
Published : 17 March 2026, 8:54 PM IST