न्यूयॉर्क एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा: एयर कनाडा एक्सप्रेस विमान ट्रक से टकराया, कई घायल; जानें पूरी घटना

न्यूयॉर्क के ला गार्डिया एयरपोर्ट पर एयर कनाडा एक्सप्रेस का विमान खड़े ट्रक से टकरा गया। हादसे में कई लोग घायल हुए हैं। जानें पूरी घटना और ताजा अपडेट।

Post Published By: Sapna Srivastava
Updated : 23 March 2026, 10:52 AM IST
google-preferred

New York: अमेरिका के न्यूयॉर्क स्थित ला गार्डिया एयरपोर्ट पर सोमवार (23 मार्च) को एक बड़ा विमान हादसा हो गया। एयर कनाडा एक्सप्रेस का एक विमान एयरपोर्ट पर खड़े दमकल ट्रक से टकरा गया, जिससे अफरा-तफरी मच गई। इस टक्कर में विमान का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के तुरंत बाद राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। घायलों को तत्काल चिकित्सा सहायता देने के लिए अस्पताल भेजा गया है। एयरपोर्ट प्रशासन और आपातकालीन सेवाएं मौके पर सक्रिय हैं।

फ्लाइट्स पर लगाया गया ग्राउंड स्टॉप

रिपोर्ट्स के अनुसार अमेरिकी फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने हादसे के बाद एक नोटिस जारी करते हुए एयरपोर्ट पर सभी उड़ानों पर अस्थायी रोक लगा दी है। इसका मतलब है कि फिलहाल कोई भी फ्लाइट न तो उड़ान भर सकेगी और न ही लैंडिंग कर पाएगी। हादसे के कारण एयरपोर्ट की ओर आ रहे विमानों को अन्य हवाई अड्डों की ओर डायवर्ट किया जा रहा है। इससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो

घटना के बाद कई वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। इनमें विमान के क्षतिग्रस्त हिस्से और मौके पर मौजूद बचाव दल की गतिविधियां देखी जा सकती हैं। हालांकि अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों से बचने और आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने की अपील की है।

पहले भी हो चुके हैं ऐसे हादसे

यह पहली बार नहीं है जब ला गार्डिया एयरपोर्ट पर इस तरह की घटना हुई हो। इससे पहले अक्टूबर 2025 में टैक्सीवे पर डेल्टा एयर लाइन्स के दो विमान आपस में टकरा गए थे, जिसमें एक विमान का पंख दूसरे के कॉकपिट से जा टकराया था। इसके अलावा अक्टूबर 2016 में तत्कालीन उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार माइक पेंस को ले जा रहा विमान रनवे से फिसलकर घास में जा घुसा था। हालांकि उस घटना में कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ था।

जांच जारी, कारणों का पता लगाया जा रहा

फिलहाल इस ताजा हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, विमान और दमकल वाहन के बीच समन्वय में कमी या तकनीकी कारण इस दुर्घटना की वजह हो सकते हैं। एविएशन अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही असली कारणों का खुलासा किया जाएगा। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

Location : 
  • New York

Published : 
  • 23 March 2026, 10:52 AM IST

Advertisement