हिंदी
फीफा विश्व कप 2026 (Img : Google)
New Delhi Desk : फीफा विश्व कप 2026 के एक रोमांचक मुकाबले में सह-मेजबान कनाडा ने जबरदस्त जुझारूपन दिखाते हुए बोस्निया-हर्जेगोविना के खिलाफ 1-1 से ड्रॉ खेला। मैच में एक समय पिछड़ने के बावजूद कनाडाई टीम ने हार नहीं मानी और दूसरे हाफ में जोरदार वापसी कर मुकाबला बराबरी पर खत्म किया।
मैच की शुरुआत से ही दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। हालांकि 21वें मिनट में बोस्निया-हर्जेगोविना के जोवो ल्युकिक ने शानदार फिनिश के साथ गोल दागकर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। यह उनके अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला गोल रहा। जिसने टीम का आत्मविश्वास और बढ़ा दिया।
गोल के बाद बोस्निया-हर्जेगोविना ने खेल पर पकड़ मजबूत बनाए रखी और कनाडा को बराबरी का कोई खास मौका नहीं दिया। कनाडा के हमलों को लगातार डिफेंस ने रोका और पहले हाफ के अंत तक बोस्निया 1-0 से आगे रही। मैच के इस हिस्से में कनाडा थोड़ी दबाव में नजर आई।
FIFA World Cup 2026: फीफा विश्व कप का वो मुकाबला, जिस पर टिकी रहेगी फुटबॉल प्रेमियों की नजरें
ब्रेक के बाद मैदान पर कनाडा बिल्कुल बदले हुए अंदाज में उतरी। टीम ने आक्रामक खेल दिखाते हुए बोस्निया के डिफेंस पर लगातार दबाव बनाया। इसी दबाव का नतीजा रहा 78वें मिनट में, जब सुपर सब साइल लैरिन ने मैदान पर उतरते ही शानदार गोल दागकर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। इस गोल ने मैच का पूरा रुख बदल दिया और कनाडा ने जीत के लिए पूरी ताकत झोंक दी।
निर्धारित 90 मिनट के बाद छह मिनट का इंजरी टाइम जोड़ा गया। जिसमें दोनों टीमों ने निर्णायक गोल की पूरी कोशिश की। हालांकि मजबूत डिफेंस और थकान के कारण कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी।
आखिरकार मुकाबला 1-1 की बराबरी पर खत्म हुआ। बोस्निया-हर्जेगोविना ने पहले हाफ में बढ़त बनाकर बढ़िया शुरुआत की, जबकि कनाडा ने दूसरे हाफ में दमदार वापसी कर हार टाल दी। दोनों टीमों ने अपने विश्व कप अभियान की शुरुआत एक-एक अंक के साथ की।
Location : Toronto
Published : 13 June 2026, 3:16 AM IST