गोरखुपर में ‘हमारा नाम बा कन्हैया’ की स्टार कास्ट ने मचाया धमाल, देखिये एक्सक्लूसिव बातचीत में क्या बोले निरहुआ और अमृता पाल

दिनेश लाल यादव की नई भोजपुरी फिल्म ‘हमारा नाम बा कन्हैया’ 4 जुलाई को रिलीज हुई। गोरखपुर के यूनाइटेड टॉकीज में प्रमोशन के दौरान निरहुआ और अमृता पाल ने दर्शकों को फिल्म की खासियत बताई।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 5 July 2025, 5:25 PM IST
google-preferred

Gorakhpur: भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार दिनेश लाल यादव, जिन्हें 'निरहुआ' के नाम से जाना जाता है, इन दिनों अपनी नई फिल्म हमारा नाम बा कन्हैया को लेकर सुर्खियों में हैं। यह फिल्म 4 जुलाई 2025 को पूरे देश में रिलीज हो चुकी है और दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, गोरखपुर के मशहूर यूनाइटेड टॉकीज में फिल्म के प्रमोशन के लिए निरहुआ और उनकी पूरी स्टारकास्ट ने शिरकत की, जहां उन्होंने जनता के बीच अपनी इस मनोरंजक फिल्म का जोर-शोर से प्रचार किया। इस मौके पर दर्शकों का उत्साह देखते ही बनता था, जो अपनी पसंदीदा सितारों को देखकर उत्साहित थे।

पारिवारिक और मनोरंजन से भरपूर है फिल्म

निरहुआ ने मीडिया से बातचीत में बताया कि हमारा नाम बा कन्हैया एक साफ-सुथरी, पारिवारिक और मनोरंजन से भरपूर भोजपुरी फिल्म है, जिसे हर आयु वर्ग के दर्शक अपने परिवार के साथ आनंद ले सकते हैं। फिल्म का निर्देशन विशाल वर्मा ने किया है, जबकि मुकेश गिरी इसके निर्माता हैं। फिल्म में निरहुआ की मुख्य भूमिका को लेकर दर्शकों में खासा उत्साह है। उनके साथ इस फिल्म में नई अभिनेत्री अमृता पाल मुख्य भूमिका में नजर आ रही हैं। यह उनकी पहली भोजपुरी फिल्म है और उनके दमदार अभिनय ने पहले ही दर्शकों का दिल जीत लिया है। अमृता ने अपने किरदार को इतनी खूबसूरती से निभाया है कि उनकी तारीफ हर तरफ हो रही है।

कई सितारों ने जमकर किया प्रचार

फिल्म के प्रमोशन में केवल निरहुआ और उनकी टीम ही नहीं, बल्कि भोजपुरी इंडस्ट्री के कई बड़े सितारों ने भी हिस्सा लिया। खेसारी लाल यादव, समर कात्यान, आम्रपाली दुबे और अक्षरा सिंह जैसे सितारों ने अपने सोशल मीडिया हैंडल्स के जरिए फिल्म का जमकर प्रचार किया। फिल्म का ट्रेलर पहले ही सोशल मीडिया पर धूम मचा चुका है और दर्शकों ने इसे खूब पसंद किया है। निरहुआ ने बताया कि फिल्म का क्लाइमेक्स दर्शकों को हैरान कर देगा और यह एक ऐसी कहानी है, जो दिल को छू लेगी। उन्होंने दर्शकों से अपील की कि वे अपने परिवार के साथ सिनेमाघरों में आएं और इस फिल्म को अपना प्यार और आशीर्वाद दें।

रवि किशन को कहा धन्यवाद

इस दौरान निरहुआ ने मंच से भोजपुरी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता रवि किशन शुक्ल को भी धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि रवि किशन हमेशा भोजपुरी सिनेमा को बढ़ावा देने में योगदान देते हैं, चाहे वे हिंदी सिनेमा में हों या साउथ की फिल्मों में। उनकी भोजपुरी भाषा और संस्कृति के प्रति लगन प्रेरणादायक है।

गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे को लेकर क्या बोले निरहुआ?

प्रमोशन के दौरान एक सवाल के जवाब में निरहुआ ने बताया कि वे आजमगढ़ से गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे के रास्ते आए और उनका यह सफर बेहद सुखद रहा। इस फिल्म के साथ भोजपुरी सिनेमा एक बार फिर दर्शकों के दिलों पर राज करने को तैयार है।

Location : 
  • Gorakhpur

Published : 
  • 5 July 2025, 5:25 PM IST