
सुबह पंखे से लटका मिला शव
Kannauj: कन्नौज में एक कमरे के भीतर पंखे से लटकता युवक का शव, फर्श पर बिखरे खून के निशान और हत्या की आशंका से गूंजता पूरा गांव। कन्नौज जिले के ठठिया थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह ऐसा ही सनसनीखेज मामला सामने आया, जिसने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया। घर के बाहर बने कमरे में 32 वर्षीय युवक का शव फंदे से लटका मिलने के बाद परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया और कई घंटों तक शव पुलिस को नहीं सौंपा।
घटना ठठिया थाना क्षेत्र के रामनगर बस्ता गांव की है। यहां रहने वाले 32 वर्षीय रमेश बंजारा का शव मंगलवार सुबह घर के बाहर बने कमरे में पंखे से लटका मिला। बताया जा रहा है कि सुबह जब उसकी पत्नी सोनवती नींद से जागी और कमरे की ओर गई तो पति को फंदे से लटका देखकर उसकी चीख निकल गई।
मामले ने उस समय नया मोड़ ले लिया जब परिजनों ने कमरे के फर्श पर खून की बूंदें देखीं। मृतक की पत्नी और छोटे भाई योगेंद्र ने साफ तौर पर हत्या की आशंका जताई। परिजनों का आरोप है कि सोमवार शाम गांव के मोड़ पर रमेश का एक दुग्ध वाहन चालक से विवाद हुआ था। विवाद के दौरान चालक ने रमेश को जान से मारने की धमकी भी दी थी। परिवार का दावा है कि रात में उसी रंजिश के चलते आरोपी अपने दो अज्ञात साथियों के साथ घर पहुंचा और सो रहे रमेश पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।
Kannuaj News: कन्नौज में सनसनीखेज वारदात: सराफा व्यापारी की पत्नी की हत्या, लूटपाट के बाद बदमाश फरार
हत्या के आरोप लगने के बाद गांव का माहौल तनावपूर्ण हो गया। परिजन और ग्रामीण आरोपी दुग्ध वाहन चालक व उसके साथियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए। स्थिति ऐसी हो गई कि करीब तीन घंटे तक पुलिस शव को कब्जे में नहीं ले सकी। परिजन लगातार हत्या का मुकदमा दर्ज करने और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते रहे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच का दायरा बढ़ा दिया। घटनास्थल पर डॉग स्क्वॉड बुलाया गया और खोजी कुत्ते की मदद से सुराग तलाशने की कोशिश की गई। हालांकि इससे कोई ठोस सफलता नहीं मिली। इसके बाद फोरेंसिक टीम ने मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए। कमरे, फर्श और आसपास के क्षेत्र से कई नमूने लिए गए हैं, जिनकी जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि मृतक रमेश कुछ महीने पहले ही जेल से जमानत पर बाहर आया था। करीब तीन वर्ष पहले उसकी मां साधना ने अपने पति राधेश्याम की मौत के मामले में रमेश को जिम्मेदार ठहराते हुए ठठिया थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। उस मामले में पुलिस ने रमेश को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। यही वजह है कि पुलिस इस मामले में व्यक्तिगत रंजिश, पुराने विवाद और अन्य संभावित कारणों को भी जांच के दायरे में रखकर पड़ताल कर रही है।
फर्जी कागजों से बेच डाली करोड़ों की सरकारी जमीन, अब खुलासे से हड़कंप; कन्नौज में ऐसे खुली बड़ी साजिश
घटना से एक और दिलचस्प तथ्य सामने आया है। गांव में ही योगेश की बेटी नीतू की बारात आनी थी, जिसके चलते सोमवार रात गांव में डीजे कार्यक्रम चल रहा था। ग्रामीणों के मुताबिक रमेश रात करीब एक बजे तक अपने दोस्तों के साथ डीजे पर नाचता रहा था। इसके बाद वह घर लौट गया था। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर रात के कुछ घंटों में ऐसा क्या हुआ कि सुबह उसका शव फंदे से लटका मिला।
ठठिया थाना प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। रमेश के साथ विवाद करने वाले लोगों की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और मोबाइल लोकेशन की जांच शुरू कर दी गई है।
Location : Kannauj
Published : 2 June 2026, 6:54 PM IST