Varanasi News: घर में विवाद के बाद युवक की बिगड़ी हालत, अस्पताल में तोड़ा दम

वाराणसी के मिर्जामुराद क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। पारिवारिक विवाद के बाद एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। हालत बिगड़ने पर उसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Post Published By: Priyam Kashyap
Updated : 10 June 2026, 7:46 PM IST
google-preferred

Varanasi : वाराणसी के मिर्जामुराद इलाके में स्थित गौर गांव में हुई एक दुखद घटना ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया है। पारिवारिक तनाव से परेशान एक युवक ने कथित रूप से जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है, जबकि गांव के लोग भी इस हादसे से स्तब्ध हैं।

तनाव के बीच उठाया आत्मघाती कदम

जानकारी के मुताबिक, 25 वर्षीय कान्हा शर्मा का बुधवार सुबह घर में किसी बात को लेकर परिजनों से विवाद हो गया था। बताया जा रहा है कि इस घटना के बाद वह काफी परेशान और मानसिक तनाव में आ गया।

कुछ देर बाद उसने घर में रखा कोई विषाक्त पदार्थ खा लिया। शुरुआत में किसी को इसकी जानकारी नहीं थी, लेकिन थोड़ी ही देर में उसकी तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी। तब परिजनों को घटना का पता चला और घर में अफरा-तफरी मच गई।

अस्पताल में चली जिंदगी बचाने की जंग

परिजन तुरंत युवक को नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत देखते हुए वाराणसी रेफर कर दिया। इसके बाद उसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया।

Varanasi Accident: सपने पाले पिता के साथ निकली थी बेटी, ट्रक ने छीन ली पूरे परिवार की खुशियां

डॉक्टरों ने काफी प्रयास किए, लेकिन उपचार के दौरान कान्हा ने दम तोड़ दिया। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

पीछे छोड़ गया छोटा परिवार

कान्हा की शादी करीब तीन साल पहले हुई थी। उसके परिवार में पत्नी और दो साल की एक मासूम बेटी है। वह स्थानीय बाजार में सैलून की दुकान चलाकर अपने परिवार का खर्च उठाता था। परिवार के लोगों का कहना है कि वह मेहनती और जिम्मेदार युवक था। उसकी असमय मौत से मां, पत्नी और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस कर रही जांच

युवक की मौत की खबर फैलते ही गांव में शोक का माहौल बन गया। पड़ोसियों और परिचितों ने भी परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत के कारणों की पुष्टि होगी और उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Varanasi

Published :  10 June 2026, 7:46 PM IST

Related News

Advertisement