हिंदी
फरेंदा में बने परीक्षा केंद्र का निरीक्षण (Img: Dynamite News)
Maharajganj: उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में महराजगंज जिले के फरेंदा स्थित परीक्षा केंद्र का उच्च अधिकारियों ने निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने फरेंदा स्थित राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, आनंद नगर में बनाए गए परीक्षा केंद्र का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने परीक्षा केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था, निगरानी प्रणाली और प्रशासनिक तैयारियों की गहन समीक्षा की।
उन्होंने परीक्षा केंद्र के विभिन्न कक्षों, प्रवेश और निकास द्वारों तथा अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों से पूरी जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान परीक्षा केंद्र में स्थापित कंट्रोल रूम का भी बारीकी से निरीक्षण किया गया। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली, रिकॉर्डिंग व्यवस्था और मॉनिटरिंग सिस्टम की जांच की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा के दौरान हर गतिविधि पर लगातार नजर रखी जाए और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना उच्चाधिकारियों को दी जाए।
जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने कहा कि शासन और भर्ती बोर्ड की मंशा के अनुसार परीक्षा को पूरी निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी व्यवस्थाएं मानकों के अनुरूप हों।
न्याय की मांग में मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक, 1 घंटे चला हाईवोल्टेज ड्रामा; गांव में अफरा-तफरी
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने सुरक्षा व्यवस्था में लगे पुलिस अधिकारियों और जवानों को पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्र के आसपास अनावश्यक भीड़ न लगने दी जाए और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जाए।
Location : Maharajganj
Published : 10 June 2026, 4:00 PM IST
Topics : DMSP Exam2025 Maharajganj SecurityInspection uppolice