
प्रमी ने की युवती की हत्या (Img: AI Generated)
Jhansi News: उत्तर प्रदेश के झांसी जिले से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। यहां एक युवती की कथित प्रेम संबंध के चलते हत्या कर दी गई। आरोप है कि युवक अपनी प्रेमिका की शादी कहीं और तय होने से नाराज था। उसने घर में घुसकर युवती को गोली मार दी और मौके से फरार हो गया।
मामला सीपरी बाजार थाना क्षेत्र का है। मृतका की पहचान 19 वर्षीय चंचल रायकवार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, चंचल कक्षा 9 की छात्रा थी और गांव के ही कमल रायकवार के साथ उसका करीब चार साल से रिश्ता था।
जानकारी के मुताबिक, चंचल के परिवार को जब दोनों के रिश्ते के बारे में पता चला तो उन्होंने बेटी को समझाया और उसका मोबाइल फोन भी ले लिया था। परिवार का आरोप है कि इसके बावजूद दोनों चोरी-छिपे बातचीत करते रहे। इसी बीच चंचल के पिता ने उसकी शादी बबीना क्षेत्र के खैलार में तय कर दी थी। शादी की तारीख 12 दिसंबर निर्धारित थी। आरोप है कि जब युवक को इस शादी की जानकारी मिली तो वह नाराज हो गया।
ये भी पढ़ें- बदायूं में बवाल: रजा मार्केट में शराब के नशे में भिड़ा निलंबित सिपाही, लोगों ने पीटा और लगाए गंभीर आरोप
परिवार वालों का कहना है कि युवक पहले भी चंचल को परेशान करता था और उसे धमकियां देता था।
परिजनों को आशंका थी कि शादी की बात से नाराज होकर युवक कोई गलत कदम उठा सकता है। इसी डर के चलते करीब दो महीने पहले चंचल को सीपरी बाजार इलाके में रहने वाली उसकी दादी शीला के घर भेज दिया गया था। घटना वाले दिन दादी काम पर गई थीं, जबकि दादा खेत पर थे। चाचा भी घर से बाहर गए हुए थे। चाचा के अनुसार, उन्होंने चंचल को कमरे में बंद कर बाहर से ताला लगा दिया था।
आरोप है कि इसी दौरान युवक दीवार फांदकर घर में दाखिल हुआ और उसने चंचल की कनपटी पर गोली मार दी। घटना के बाद वह मौके से भाग निकला।
परिजनों के मुताबिक, आरोपी रास्ते में चंचल के चाचा से मिला और उन्हें घर जाकर देखने के लिए कहा। इसके बाद वह अपने घर पहुंचा और कथित तौर पर खुद को भी गोली मारने की कोशिश की, लेकिन परिवार वालों ने उसे रोक लिया। इसके बाद आरोपी फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया।
एसएसपी विकास कुमार ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार टीमें गठित की थीं। पुलिस के मुताबिक, रात करीब 11 बजे आरोपी को सीपरी बाजार क्षेत्र में घेर लिया गया। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
ये भी पढ़ें- मैनपुरी में चेन स्नैचिंग का बड़ा खुलासा! पुलिस मुठभेड़ में आरोपी को लगी गोली, कैश और हथियार बरामद
चंचल के पिता ने आरोप लगाया कि युवक पिछले कई सालों से उनकी बेटी को परेशान कर रहा था। उन्होंने बताया कि पहले चंचल एक निजी स्कूल में पढ़ती थी, जहां युवक अक्सर पहुंच जाता था। बेटी की सुरक्षा को देखते हुए परिवार ने उसका स्कूल बदल दिया था। मां खुद उसे स्कूल छोड़ने और लेने जाती थीं। लेकिन आरोप है कि इसके बाद भी युवक ने उसका पीछा करना बंद नहीं किया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।
Location : Jhansi
Published : 8 October 2026, 10:13 AM IST
Topics : crime news Jhansi News Love affair Murder Case UP News