मैनपुरी में जमीन हड़पने का खेल बेनकाब, फर्जी मृत्यु प्रमाणपत्र बनाकर किया बड़ा फर्जीवाड़ा

मैनपुरी के किशनी थाना क्षेत्र में जमीन हड़पने के लिए फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र तैयार करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने जांच के बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि फर्जी दस्तावेजों के जरिए संपत्ति का नामांतरण कराने की कोशिश की गई। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 22 April 2026, 4:01 PM IST
google-preferred

Mainpuri : जमीन और संपत्ति के विवादों में फर्जीवाड़े के मामले लगातार सामने आते रहे हैं लेकिन मैनपुरी में सामने आया यह मामला चौंकाने वाला है। यहां एक व्यक्ति को कागजों में मृत दिखाकर उसकी जमीन हड़पने की कथित साजिश रची गई। फर्जी मृत्यु प्रमाणपत्र तैयार कर संपत्ति के रिकॉर्ड में बदलाव कराने की कोशिश की गई। पुलिस जांच में पूरा खेल सामने आ गया।

जनपद मैनपुरी के थाना किशनी क्षेत्र में पुलिस ने फर्जीवाड़े के बड़े मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने धोखाधड़ी कर फर्जी मृत्यु प्रमाणपत्र तैयार कराया और उसके आधार पर जमीन अपने नाम कराने का प्रयास किया।

शिकायत के बाद खुला पूरा मामला

यह मामला 11 अप्रैल को सामने आया। जब पीड़ित सुनील किशोर ने थाना किशनी में तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि नितिन कुमार और अन्य लोगों ने मिलकर उसके भाई नवल किशोर का फर्जी मृत्यु प्रमाणपत्र बनवाया।

मैनपुरी में जमीन कब्जे पर बवाल, महिलाओं पर ईंट-पत्थर से हमला, एसपी के पास पहुंचा मामला

आरोप है कि दस्तावेज में वर्ष 2004 की गलत मृत्यु तिथि दर्ज कराई गई और उसी के आधार पर जमीन के कागजात में हेरफेर किया गया। इतना ही नहीं फर्जी दस्तावेजों के सहारे वर्ष 2004, 2006 और 2009 में संपत्ति का नामांतरण भी करा लिया गया।

जांच में सामने आया फर्जीवाड़े का सच

मामले की गंभीरता को देखते हुए किशनी पुलिस ने जांच शुरू की। दस्तावेजों और रिकॉर्ड की पड़ताल के दौरान शिकायत में लगाए गए आरोप सही पाए गए। इसके बाद पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई तेज कर दी। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में चलाए गए अभियान के तहत पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान सामने आए साक्ष्यों के आधार पर दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

दो आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने शिवम शाक्य पुत्र स्वर्गीय नवल किशोर निवासी बसेत थाना किशनी और श्रीमती किरन कुमारी पत्नी स्वर्गीय नवल किशोर निवासी बसेत थाना किशनी को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों को 21 अप्रैल को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

अन्य आरोपियों की तलाश जारी

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक छत्रपाल सिंह और थाना किशनी पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस फर्जीवाड़े में शामिल अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है। जल्द ही उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Location :  mainpuri

Published :  22 April 2026, 2:07 PM IST

Related News

Advertisement