प्रतापगढ़ में दर्दनाक हादसा: तालाब में डूबकर तीन सगे भाई-बहनों की मौत, गांव में मातम

उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के कंधई थाना क्षेत्र में सोमवार को दिल दहला देने वाला हादसा हुआ, जहां नहाने गए तीन सगे भाई-बहनों की तालाब में डूबकर मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार पर यह हादसा किसी बड़े संकट से कम नहीं है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 20 April 2026, 2:13 PM IST

Pratapgarh: प्रतापगढ़ जिले के कंधई थाना क्षेत्र के शाल्हीपुर कंजास गांव में सोमवार का दिन एक परिवार के लिए जिंदगी भर का दर्द लेकर आया। गांव निवासी विजय बहादुर यादव के तीन बच्चे 12 वर्षीय रानी, 8 वर्षीय मोहित और 5 वर्षीय रोहित घर के सामने बने तालाब में नहाने गए थे। लेकिन कुछ ही देर बाद यह मासूम बच्चे वापस नहीं लौटे और तालाब ने उनकी जिंदगी छीन ली।

तालाब बना मौत का जाल

जानकारी के अनुसार, तीनों बच्चे घर के पास ही खेलते-खेलते तालाब में नहाने चले गए थे। शुरुआत में यह एक सामान्य घटना लगी, लेकिन जब काफी देर तक बच्चे घर नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता हुई। खोजबीन के दौरान पता चला कि तीनों बच्चे तालाब में डूब चुके थे। ग्रामीणों ने तुरंत तालाब में उतरकर बच्चों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। तीनों को बचाया नहीं जा सका।

Double Murder: प्रतापगढ़ में धारदार हथियार से हुई मां-बेटे की निर्मम हत्या, जांच में जुटी पुलिस, जानें खौफनाक वारदात की पूरी कहानी

एक ही परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

विजय बहादुर यादव के कुल चार बच्चे थे, जिनमें तीन की एक साथ मौत हो गई। सबसे छोटा 8 महीने का बच्चा अपनी मां की गोद में है, जो अब इस हादसे के बाद पूरे परिवार की एकमात्र उम्मीद बचा है। पिता विजय बहादुर लकवाग्रस्त हैं और गांव में भिक्षा मांगकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। वहीं मां मजदूरी करके घर चलाती है। आर्थिक तंगी के बावजूद उन्होंने बच्चों का नाम स्कूल में लिखवाया था, लेकिन बच्चे नियमित रूप से स्कूल नहीं जाते थे।

घटना के वक्त घर पर क्या हुआ

घटना के समय मां घर के अंदर बच्चों के लिए खाना बना रही थी। किसी को अंदाजा भी नहीं था कि घर के बाहर खेलते-खेलते बच्चे मौत के मुंह में चले जाएंगे। जैसे ही बच्चों के डूबने की खबर मिली, घर में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में अफरा-तफरी फैल गई।

सैयदराजा केस में फरार चल रहा 50 हजार का इनामी आरोपी प्रतापगढ़ से गिरफ्तार, एसटीएफ ने किया बड़ा खुलासा

गांव में पसरा मातम

इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे शाल्हीपुर कंजास गांव में मातम छा गया है। लोग परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं, लेकिन हर किसी की आंखें नम हैं। एक साथ तीन मासूम बच्चों की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

प्रशासन से मदद की मांग

ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है। साथ ही तालाबों की सुरक्षा और बच्चों के लिए बेहतर जागरूकता अभियान चलाने की भी अपील की जा रही है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसे दोबारा न हों।

Location :  Pratapgarh

Published :  20 April 2026, 2:13 PM IST