हिंदी
इनामी अभियुक्त पृथ्वीपाल सरोज एसटीएफ के हत्थे चढ़ा
Lucknow: उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 50,000 रुपये के इनामी और गोवध निवारण अधिनियम के वांछित अभियुक्त पृथ्वीपाल सरोज को गिरफ्तार कर लिया है। अभियुक्त लंबे समय से फरार चल रहा था और उसके विरुद्ध थाना सैयदराजा, जनपद चंदौली में मुकदमा दर्ज था।
एसटीएफ को 23 फरवरी 2026 को सूचना मिली कि थाना सैयदराजा में पंजीकृत मु0अ0सं0-53/2025, धारा-3/5ए/5बी/8 गोवध निवारण अधिनियम व 11 पशु क्रूरता निवारण अधिनियम में वांछित एवं 50,000 रुपये का पुरस्कार घोषित अभियुक्त पृथ्वीपाल सरोज प्रतापगढ़ जनपद के कन्धई थाना क्षेत्र में आने वाला है।
सूचना के आधार पर एसटीएफ फील्ड इकाई प्रयागराज की टीम ने घेराबंदी कर अभियुक्त को प्रतापगढ़-पट्टी मार्ग स्थित दीवानगंज बाजार से ग्राम नेवादा जाने वाली सड़क से दोपहर 2 बजे गिरफ्तार कर लिया।
यह कार्रवाई पुलिस उपाधीक्षक शैलेश प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण और निरीक्षक जय प्रकाश राय के नेतृत्व में की गई। टीम में उपनिरीक्षक गुलजार सिंह, मुख्य आरक्षी प्रभंजन पाण्डेय, सोनू यादव, अनूप राय तथा आरक्षी चालक अखण्ड प्रताप पाण्डेय शामिल रहे।
एसटीएफ को पिछले कई दिनों से फरार और इनामी अपराधियों की सक्रियता की सूचनाएं मिल रही थीं, जिसके बाद विभिन्न इकाइयों को अभिसूचना संकलन और कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे।
पृथ्वीपाल सरोज पुत्र खन्नू उर्फ लाली, निवासी ग्राम पोख्ताखम, थाना कोहडौर, जनपद प्रतापगढ़ का नाम वर्ष 2025 में दर्ज गो-तस्करी प्रकरण में प्रकाश में आया था।
पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह दिल्ली में मोमबत्ती बनाने वाली फैक्ट्री में काम करता था। सेवानिवृत्ति के बाद उसने बैंक से फाइनेंस कर डीसीएम वाहन संख्या यूपी-72-बीटी-3439 खरीदा था। किस्तें समय से न चुकाने के कारण उसने वाहन बिहार निवासी संदीप शर्मा को किराये पर दे दिया।
पुलिस के अनुसार संदीप शर्मा एक सक्रिय गौ-तस्करी गिरोह का सदस्य है, जो इटावा और प्रयागराज के जंगलों से गोवंशीय पशुओं को लोड कर बिहार के रास्ते पश्चिम बंगाल तक सप्लाई करता था।
वर्ष 2025 में थाना सैयदराजा पुलिस ने दो वाहनों को पकड़कर गिरोह के सदस्यों को गिरफ्तार किया था। इसी मामले की विवेचना के दौरान पृथ्वीपाल सरोज का नाम सामने आया था, जिसके बाद वह फरार हो गया और उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त को थाना सैयदराजा, जनपद चंदौली में दर्ज मुकदमे में दाखिल किया जाएगा। स्थानीय पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। एसटीएफ अधिकारियों का कहना है कि प्रदेश में संगठित अपराध और गो-तस्करी के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें सक्रिय हैं।
Location : Lucknow
Published : 23 February 2026, 7:07 PM IST
Topics : cow smuggling crime news Police Action UP News UP STF