
राकेश यादव और राममूर्ति देवी
Firozabad: फिरोजाबाद के शिकोहाबाद में कांग्रेस के पूर्व विधायक स्व. जगदीश सिंह यादव के बेटे राकेश यादव और उनकी पत्नी की मौत के मामले में अब एक नया मोड़ सामने आया है। घटना के बाद घर से मिली एक डायरी को लेकर चर्चा तेज हो गई है। दावा किया जा रहा है कि यह डायरी खुद राकेश यादव की है, जिसमें उन्होंने अपनी परेशानियों और कुछ लोगों से जुड़े मामलों का जिक्र किया है। हालांकि परिवार के लोग अभी डायरी में लिखी बातों को लेकर खुलकर कुछ भी बोलने से बच रहे हैं। पुलिस भी इस डायरी को जांच का हिस्सा मानकर पूरे मामले की पड़ताल कर रही है।
घटना शनिवार रात सुभाष तिराहा स्थित आवास की है। जानकारी के मुताबिक 73 वर्षीय राकेश यादव ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से पहले पत्नी राममूर्ति देवी (68) को गोली मारी और इसके बाद खुद को भी गोली मार ली। गोली लगने से राकेश यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल पत्नी राममूर्ति देवी को अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया।
बताया जा रहा है कि राकेश यादव आदर्श कृष्ण इंटर कॉलेज के पूर्व प्रबंधक थे। उन पर मई 2025 में विद्यालय की कृषि भूमि से होने वाली आय के करीब 2.60 लाख रुपये के गबन का आरोप लगा था। इसी मामले की सुनवाई के लिए वह शनिवार को अदालत गए थे। शाम करीब पांच बजे कोर्ट से लौटने के बाद परिजनों के मुताबिक वह काफी तनाव में दिखाई दे रहे थे। परिवार की बड़ी बेटी गरिमा ने बताया कि मुकदमे और सामाजिक बदनामी के डर से उनके पिता मानसिक रूप से परेशान चल रहे थे। इसी तनाव में उन्होंने यह कदम उठाया।
फिरोजाबाद में खौफनाक वारदात! पिता ने बेटी को उतारा मौत के घाट, बचाने आई पत्नी पर भी हमला
घटना के बाद परिवार के लोगों को घर के एक कमरे से एक डायरी मिली। सोमवार शाम से यह डायरी चर्चा में आई है। बताया जा रहा है कि राकेश यादव ने घटना से कुछ दिन पहले इस डायरी में अपनी परेशानियों का जिक्र किया था। इसमें कथित तौर पर उन्होंने लिखा था कि कुछ लोग किस तरह उनका उत्पीड़न कर रहे थे। डायरी के 6-7 पन्नों में उन लोगों के नाम होने की बात भी कही जा रही है, जिन्होंने इस दौर में उनका साथ दिया था। हालांकि परिवार ने अभी तक डायरी में लिखी बातों को सार्वजनिक नहीं किया है। पुलिस अब इस डायरी की जांच कर सकती है ताकि घटना के पीछे की परिस्थितियों को समझा जा सके।
परिवार के अनुसार राकेश यादव की पत्नी राममूर्ति देवी लंबे समय से कैंसर से पीड़ित थीं। परिजनों का कहना है कि एक तरफ मुकदमे और दूसरी तरफ पत्नी की बीमारी के कारण राकेश यादव मानसिक दबाव में थे। परिवार ने इसी तनाव को घटना की वजह बताया है।
वाराणसी में फिरोजाबाद जैसा मामला: दुधमुंही बच्ची को जमीन पर पटका, दादा की गोद में खेल रही थी मासूम
घटना के बाद शिकोहाबाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई लाइसेंसी रिवॉल्वर को कब्जे में लेकर सीज कर दिया है। अब इस हथियार को आगरा स्थित विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा जाएगा, जहां इसकी बैलेस्टिक जांच कराई जाएगी। एसपी देहात अनुज चौधरी ने बताया कि जांच का उद्देश्य घटना में इस्तेमाल हथियार और पूरे घटनाक्रम की वैज्ञानिक पुष्टि करना है।
फिलहाल पुलिस डायरी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और परिवार के बयानों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। डायरी में लिखी बातों और रिवॉल्वर की जांच के बाद ही साफ हो पाएगा कि इस दर्दनाक घटना के पीछे असली वजह क्या थी।
Location : Firozabad
Published : 16 June 2026, 3:06 PM IST