हिंदी
प्रतीकात्मक छवि (Image Source: Pinterest)
New Delhi: तमिलनाडु में कार चोरी की एक घटना ने सबको हैरान कर दिया। चेन्नई के पास गुडुवांचेरी इलाके के वल्लनचेरी में एक चोर रेस्तरां के बाहर खड़ी कार लेकर फरार हो गया। उस वक्त कार की पिछली सीट पर 12 साल की बच्ची सो रही थी। जब बच्ची की आंख खुली तो कार में उसके साथ कोई अनजान व्यक्ति था और वह अपने घर से करीब 200-230 किलोमीटर दूर पहुंच चुकी थी। हालांकि, बच्ची ने हिम्मत दिखाते हुए मौका तलाशा और आरोपित के चंगुल से निकलने में कामयाब रही।
पुलिस के मुताबिक, यह घटना रविवार रात की है। बच्ची के माता-पिता एक रेस्तरां में खाना खाने पहुंचे थे। उन्होंने अपनी कार बाहर पार्क की थी। बेटी को सोता देखकर उसे पिछली सीट पर ही छोड़ दिया था। इसी दौरान आरोपित कार लेकर वहां से निकल गया। जब माता-पिता खाना खाकर वापस लौटे तो कार गायब मिली। घबराए परिजनों ने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस के अनुसार, माता-पिता जब रेस्तरां में खाना खा रहे थे, उसी दौरान आरोपित ने कार चोरी कर ली। कार की पिछली सीट पर बच्ची सो रही थी। शुरुआत में उसे इस बात की जानकारी नहीं थी कि कार कोई अनजान व्यक्ति चला रहा है और वह अपने माता-पिता से दूर जा रही है।
Apple-Google यूजर्स के लिए बड़ी परेशानी, लॉगिन से लेकर ऑनलाइन पेमेंट तक सेवाएं प्रभावित
कार गायब मिलने के बाद परिवार ने पुलिस को सूचना दी। दूसरी ओर, आरोपित कार लेकर गुडुवांचेरी से काफी दूर निकल चुका था। सोमवार सुबह करीब 4:30 बजे उसने तमिलनाडु के सिरकाझी में न्यू बस स्टैंड के पास कार रोकी। यह जगह गुडुवांचेरी से करीब 200-230 किलोमीटर दूर बताई गई है।
जानकारी के मुताबिक, सिरकाझी में कार रोकने के बाद आरोपित ने बच्ची को चुप कराने के लिए चाय दिलाने की बात कही। जैसे ही वह कार से बाहर निकला, बच्ची को मौका मिल गया। उसने तुरंत कार से बाहर निकलकर वहां से भागने में कामयाबी हासिल की।
इसके बाद बच्ची ने आसपास मौजूद ऑटो चालकों को बताया कि उसे अगवा कर लिया गया है। बच्ची की बात सुनते ही ऑटो चालकों ने उसकी मदद की और उसे सुरक्षित सिरकाझी महिला पुलिस स्टेशन पहुंचाया। इस तरह बच्ची ने अनजान जगह पर भी हिम्मत दिखाते हुए मदद मांगी और पुलिस तक पहुंचने में सफल रही।
महिला पुलिस स्टेशन पहुंचने के बाद पुलिस ने तुरंत बच्ची के माता-पिता से संपर्क किया। इसके बाद बच्ची को सुरक्षित उसके परिवार के पास पहुंचा दिया गया। पुलिस ने आरोपित को ट्रैक कर गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
Location : New Delhi
Published : 18 November 2026, 5:53 AM IST