
महराजगंज में तेज रफ्तार अल्टो बनी आफत (फोटो सोर्स-डाइनामाइट न्यूज)
Maharajganj: महराजगंज जिले के फरेंदा क्षेत्र में मंगलवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। सोनौली से फरेंदा की तरफ आ रही एक अल्टो कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बिजली का पोल टूटकर पास के एक मकान पर गिर गया। गनीमत रही कि मकान में मौजूद लोग सुरक्षित बच गए और बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के मुताबिक, अल्टो कार संख्या UP 53 BY 3233 सोनौली की ओर से फरेंदा की तरफ आ रही थी। कार में पीपीगंज क्षेत्र के रहने वाले लोग सवार थे। जैसे ही वाहन फरेंदा क्षेत्र के बाजारडीह के पास पहुंचा, अचानक चालक कार पर नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद कार सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से टकरा गई। टक्कर की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और राहत कार्य शुरू कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा काफी भयावह था। कार की टक्कर से बिजली का पोल टूटकर पास स्थित एक मकान पर गिर गया। पोल गिरने से आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि राहत की बात रही कि मकान में मौजूद किसी भी व्यक्ति को चोट नहीं आई। स्थानीय लोगों की सूझबूझ से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया।
हादसे में कार सवार एक व्यक्ति को गंभीर चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। वहीं कार में मौजूद अन्य तीन लोगों को हल्की चोटें आई हैं और उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है। घटना के बाद मौके पर काफी देर तक लोगों की भीड़ जमा रही। हादसे के कारण कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ।
UP Crime: महराजगंज में बोतल में पेट्रोल नहीं मिला तो कर दिया ये कांड, मचा बवाल
प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कार की रफ्तार तेज थी, जिसके कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया। वहीं बिजली का पोल टूटने के कारण इलाके में विद्युत आपूर्ति भी प्रभावित होने की संभावना जताई जा रही है। बिजली विभाग को इसकी सूचना दे दी गई है।
Location : Maharajganj
Published : 16 June 2026, 1:14 PM IST