हिंदी
अचानक अनियंत्रित हुई बाइक (Source: Dynamite News)
Sitapur: रक्षाबंधन का त्योहार मनाने बहन के घर आए जीजा-साले की खुशियां कुछ ही घंटों में मातम में बदल गईं। अटरिया थाना क्षेत्र में एनएच-30 पर शनिवार देर रात हुए सड़क हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान रविवार सुबह लखनऊ ट्रामा सेंटर में दोनों की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, बनौगा निवासी दीपक यादव पुत्र रामपाल और जटहा निवासी उनके बहनोई कुलदीप यादव पुत्र मूलचंद रक्षाबंधन के मौके पर परिवार के साथ आए थे। शनिवार रात दोनों बाइक से लखनऊ की ओर जा रहे थे।
बताया गया कि अटरिया कस्बे के पास पहुंचते ही उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई। इससे पहले कि दोनों कुछ समझ पाते, बाइक डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पलट गई और दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने दोनों घायलों को संभाला और पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए इटौंजा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।
स्मार्टफोन में छिपी ये एक सेटिंग बदलेगी खेल! न जल्दी खत्म होगी बैटरी और न बेवजह उड़ेगा मोबाइल डेटा
सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। परिजन उन्हें लेकर लखनऊ पहुंचे, जहां उनका उपचार शुरू किया गया।
हालांकि, रविवार सुबह करीब 6 बजे उपचार के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। अस्पताल से दोनों की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
रक्षाबंधन के मौके पर बहन के घर आए परिवार ने शायद सोचा भी नहीं होगा कि कुछ घंटों बाद उन्हें इतनी बड़ी त्रासदी का सामना करना पड़ेगा। एक ही हादसे में जीजा-साले की मौत से दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। त्योहार की खुशियां अचानक मातम में बदल गईं। आसपास के लोग भी घटना से स्तब्ध हैं।
अटरिया थाना प्रभारी लाल बहादुर मिश्र ने बताया कि हादसे में घायल दोनों लोगों को इटौंजा सरकारी अस्पताल भेजा गया था। वहां से उन्हें लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई।
पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे की परिस्थितियों को लेकर भी जानकारी जुटाई जा रही है।
Location : Sitapur
Published : 30 August 2026, 2:33 PM IST
Topics : Road Accident Sitapur News UP News