हिंदी
पत्नी राजेश्वरी के साथ यशराज सिंह गोहिल (फाइल फोटो)
अहमदाबाद: कांग्रेस के राज्यसभा सांसद शक्तिसिंह गोहिल के भतीजे यशराज सिंह गोहिल ने गुरुवार को एक सनसनीखेज घटना को अंजाम दिया। यशराज ने पहले अपनी पत्नी राजेश्वरी को गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। कुछ देर बाद यशराज ने खुद के सिर में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। यह घटना अहमदाबाद के बोडकदेव इलाके में स्थित एनआरआई टावर में हुई। यशराज और उनकी पत्नी राजेश्वरी यहाँ रह रहे थे। दोनों की शादी केवल 2 महीने पहले हुई थी और वे विदेश यात्रा की योजना बना रहे थे।
पत्नी की हत्या और आत्महत्या की खबर ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस दुखद कदम के पीछे कारण क्या था।
पुलिस अधिकारियों ने मामले की पुष्टि की है और पड़ोसियों तथा परिवार के सदस्यों से पूछताछ शुरू कर दी है। सांसद शक्तिसिंह गोहिल और परिवार के अन्य सदस्यों को इस घटना से गहरा झटका लगा है।
गुजरात पुलिस के अनुसार, यशराज सिंह अपनी रिवॉल्वर चला रहे थे, तभी गलती से गोली उनकी पत्नी के गले में लगी। गोली लगने के कारण राजेश्वरी की मौके पर ही मौत हो गई। यशराज ने फौरन 108 पर फोन करके एंबुलेंस को बुलाया। एंबुलेंस में आए डॉक्टरों की टीम ने राजेश्वरी को मृत घोषित कर दिया।
राजेश्वरी के शव को पोस्टमार्ट्म के लिए ले जाने की तैयारी हो रही थी। एंबुलेंस की टीम जैसे ही घर से बाहर निकली, अंदर फिर गोली चलने की आवाज आई। कमरे में देखा तो यशराज ने अपने सिर में गोली मार ली थी। यशराज ने भी मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना के दौरान यशराज की मां दूसरे कमरे में थीं। एंबुलेंस आने के बाद उन्हें राजेश्वरी की मौत के बारे में पता चला। इससे पहले कि वो कुछ समझ पातीं, बेटे ने भी आत्महत्या कर ली। पुलिस ने दोनों के शव को पोस्टमार्ट्म के लिए अस्पताल भेजा है।
Location : Gujarat
Published : 22 January 2026, 4:29 PM IST
Topics : Congress Gujarat MP YashrajGohil nephew Wife Murder