हिंदी
प्रतीकात्मक छवि
रामपुर: उत्तर प्रदेश के रामपुर में बैंक के अंदर और बाहर शातिर तरीके से चोरी की वारदात सामने आई है। यहां तीन महिलाओं ने मिलकर एक ग्राहक के बैग से महज कुछ सेकंड में एक लाख रुपये निकाल लिए। चोरी का तरीका इतना चालाक था कि पीड़ित को इसकी भनक तक नहीं लगी। पूरी घटना बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
मामला नरीपुरा स्थित पंजाब नेशनल बैंक शाखा का है। पुरानी आबादी धनौली निवासी विक्रम सिंह अपनी मां लक्ष्मी देवी के साथ बैंक में रुपये निकालने पहुंचे थे। उन्हें पैसों की जरूरत थी, जिसके बाद उन्होंने खाते से एक लाख रुपये निकाले और उन्हें अपने बैग में रख लिया।
विक्रम जैसे ही बैंक से बाहर निकलने लगे, तभी एक महिला ने गेट के पास उनका रास्ता रोक लिया। कुछ सेकंड के लिए वह वहीं रुक गए। इसी दौरान पीछे खड़ी दो अन्य महिलाओं ने मौका देखकर उनके बैग की चेन खोल दी और उसमें रखे एक लाख रुपये निकाल लिए।
विक्रम ने बताया कि बैंक से बाहर आने के बाद जब वह बाइक की चाबी निकालने के लिए बैग में हाथ डालने लगे तो उन्हें चेन खुली हुई मिली। जांच करने पर पता चला कि बैग में रखे रुपये गायब हैं।
इसके बाद वह तुरंत बैंक पहुंचे और मामले की जानकारी दी। बाद में उन्होंने शाहगंज थाने में पहुंचकर पुलिस को शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने बैंक के सीसीटीवी कैमरों की जांच की तो पूरी घटना का खुलासा हुआ। फुटेज में दिखाई दिया कि जब विक्रम रुपये निकाल रहे थे, तभी तीन संदिग्ध महिलाएं उनके आसपास मौजूद थीं और उनकी गतिविधियों पर नजर रख रही थीं।
इसके बाद एक महिला बैंक के गेट के पास पहुंच गई और उसने विक्रम का ध्यान भटकाने के लिए रास्ता रोक लिया। वहीं पीछे खड़ी दो महिलाओं ने मौका पाकर बैग की चेन खोली और रुपये निकालकर वहां से निकल गईं।
डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने बताया कि पीड़ित की शिकायत और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस संदिग्ध महिलाओं की पहचान कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।
Location : Rampur
Published : 12 September 2026, 9:46 AM IST
Topics : CCTV Footage Theft Case PNB Bank Crime News Rampur Bank Theft Three Women Theft Case Uttar Pradesh crime news