
Symbolic Photo (IMG: Google)
Raebareli: जिले में एक दिन दो दर्दनाक घटनाओं के नाम रहा, जहां एक तरफ युवक ने नहर में छलांग लगाकर जान दे दी, तो दूसरी ओर एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। दोनों ही मामलों ने इलाके में सनसनी फैला दी है और पुलिस जांच में जुट गई है।
पुल से छलांग…नहर में मिली युवक की लाश
पहली घटना ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र के आलमपुर सताहरा गांव के पास की है। यहां एक युवक बाइक खड़ी कर अचानक नहर के पुल से कूद गया। घटना को देख ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू की, लेकिन गहरे पानी में युवक का कोई पता नहीं चल सका। कुछ देर बाद पास के गांव में उसका शव पानी में तैरता हुआ मिला।
मृतक की पहचान भूपेंद्र सिंह उर्फ दीपू के रूप में हुई, जो फतेहाबाद थाना सलोन का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि वह घुरवारा में रहकर ढाबा चलाता था। फिलहाल उसने यह कदम क्यों उठाया, यह साफ नहीं हो पाया है।
घर में मिली महिला की लाश, हत्या का शक
दूसरी घटना नसीराबाद थाना क्षेत्र के धरई मजरे भुवालपुर सिसनी गांव की है, जहां 32 वर्षीय अंतिमा देवी की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पति रामकुमार सरोज के मुताबिक, वह मजदूरी कर घर लौटे तो पत्नी को चारपाई पर अचेत पाया। पास जाकर देखा तो उनकी मौत हो चुकी थी। रामकुमार ने गांव के ही एक व्यक्ति पर शक जताते हुए बताया कि करीब 20 दिन पहले उसका विवाद हुआ था और उसे जान से मारने की धमकी दी गई थी।
पुलिस जांच में जुटी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
दोनों ही मामलों में पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारण सामने आएंगे। फिलहाल दोनों घटनाओं ने इलाके में दहशत और चर्चाओं का माहौल बना दिया है।
Location : Raebareli
Published : 31 March 2026, 8:21 PM IST