जिस बेटे को वारिस बनाना था, वही बन गया दुश्मन? मेरठ हत्याकांड में पिता पर खुलासे ने सबको चौंकाया

मेरठ के चर्चित तुषार त्यागी हत्याकांड में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सनसनीखेज खुलासा किया है। जांच में सामने आया कि करोड़ों की संपत्ति और 40 बीघा जमीन के विवाद के बीच पिता सुंदर त्यागी ने ही अपने बेटे की हत्या की साजिश रची थी।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 3 June 2026, 11:27 AM IST
google-preferred

Meerut: मेरठ के खरखौदा क्षेत्र में हुए तुषार त्यागी हत्याकांड ने सभी को हैरान कर दिया है। जिस पिता पर बेटे की सुरक्षा और भविष्य की जिम्मेदारी होती है, उसी पर बेटे की हत्या कराने का आरोप लगा है। पुलिस जांच में सामने आया है कि इस वारदात की जड़ करोड़ों रुपये की संपत्ति और जमीन को लेकर चल रहा विवाद था।

40 बीघा जमीन बनी विवाद की सबसे बड़ी वजह

पुलिस के अनुसार तुषार त्यागी अपने हिस्से की करीब 30 बीघा जमीन बेचकर कारोबार शुरू करना चाहता था। वहीं उसके पिता सुंदर त्यागी इसका विरोध कर रहे थे। परिवार के भीतर लंबे समय से संपत्ति को लेकर तनाव बना हुआ था। इसी विवाद ने धीरे-धीरे रिश्तों में इतनी दूरी पैदा कर दी कि मामला हत्या तक पहुंच गया।

पिता को था बेटे पर साजिश का शक

जांच में यह भी सामने आया कि सुंदर त्यागी को शक था कि तुषार ने जमीन के विवाद को लेकर उसकी हत्या की साजिश रची है और इसके लिए कथित तौर पर सुपारी दी गई है। इसी शक ने पिता के मन में बेटे के प्रति अविश्वास को और गहरा कर दिया। पुलिस का दावा है कि इसी के बाद हत्या की योजना बनाई गई।

खाना मंगाने के बहाने बुलाया, फिर रची साजिश

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक सोमवार रात सुंदर त्यागी ने अपने बेटे को खाना लाने के बहाने बुलाया। रास्ते में उसने अपने दोस्त अमित के साथ मिलकर तुषार की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद शव को स्कॉर्पियो में रखकर मेरठ-बुलंदशहर हाईवे स्थित पांची अंडरपास के पास छोड़ दिया गया।

पत्नी के फोन कॉल से खुली जांच की दिशा

तुषार की पत्नी शिखा त्यागी ने पुलिस को बताया कि उनके पति रात करीब आठ बजे घर से निकले थे। कुछ देर बाद तुषार ने फोन कर बताया कि कुछ लोग उन्हें जंगल की ओर ले जा रहे हैं और जान से मारने की बात कर रहे हैं। इसके बाद उनका फोन बंद हो गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई और सुंदर त्यागी तथा उसके साथी अमित को गिरफ्तार कर लिया।

महंगे पेट्रोल से राहत? Hero ला रही है देश की पहली Flex Fuel मोटरसाइकिल, जानें क्या है खास

दो अन्य आरोपियों की भूमिका भी जांच के दायरे में

पुलिस ने साफ किया है कि मामले में नामजद बिट्टू त्यागी और तरुण त्यागी को अभी क्लीन चिट नहीं दी गई है। दोनों की भूमिका की भी जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की गहराई से पड़ताल की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Meerut

Published :  3 June 2026, 11:27 AM IST

Advertisement