हिंदी
प्रतीकात्मक छवि (Source: Pinterest)
Meerut: शामली निवासी एक छात्रा ने मेडिकल थाना क्षेत्र में तैनात दरोगा ललित मोहन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। छात्रा का आरोप है कि दरोगा ने यूपीपीएससी परीक्षा के नोट्स देने के बहाने उसे कमरे पर बुलाया और शादी का भरोसा देकर उसका यौन शोषण किया। बाद में शादी से इंकार करने पर छात्रा ने एसएसपी से शिकायत की। मामले में एसएसपी के आदेश पर भावनपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
छात्रा के मुताबिक, सितंबर 2025 में वह स्नातक की डिग्री लेने मेरठ विश्वविद्यालय पहुंची थी। डिग्री को लेकर उसे परेशानी हो रही थी। इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात दरोगा ललित मोहन ने उससे बातचीत की और मदद का भरोसा देते हुए अपना मोबाइल नंबर दिया। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हो गई।
छात्रा का आरोप है कि मई 2026 के दौरान पढ़ाई और यूपीपीएससी परीक्षा की तैयारी को लेकर दरोगा से उसकी बातचीत बढ़ गई। 10 जून को दरोगा ने उसे परीक्षा से संबंधित नोट्स देने की बात कही। इसके बाद छात्रा दिल्ली से मेरठ पहुंची।
आरोप है कि दरोगा उसे नोट्स देने के बहाने भावनपुर थाना क्षेत्र के भोपाल विहार स्थित अपने कमरे पर ले गया।
छात्रा ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि कमरे पर दरोगा ने खुद को उसकी ही बिरादरी का बताते हुए उससे शादी करने का भरोसा दिया। छात्रा का आरोप है कि शादी का वादा कर दरोगा ने उसका यौन शोषण किया।
इसके बाद 18 जून को आरआरबी परीक्षा के केंद्र की जानकारी को लेकर दोनों के बीच फोन पर बातचीत हुई। 19 जून को परीक्षा देने के बाद छात्रा का आरोप है कि दरोगा ने उसे मेडिकल क्षेत्र में बुलाया और अपने साथी के कमरे पर ले गया। वहां भी शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने का आरोप लगाया गया है।
छात्रा का आरोप है कि बाद में दरोगा ने शादी करने से साफ इंकार कर दिया। शिकायत के अनुसार, इसके बाद उसके बैंक खाते में 10 हजार रुपये भी भेजे गए। शादी से इंकार और कथित यौन शोषण के बाद छात्रा ने एसएसपी से मामले की शिकायत की।
एसएसपी के आदेश के बाद भावनपुर थाने में दरोगा ललित मोहन के खिलाफ बीएनएस की धारा 69 और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब छात्रा के बयान, शिकायत में लगाए गए आरोपों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
Location : New Delhi
Published : 20 August 2026, 1:26 PM IST
Topics : crime news meerut news UP Police