हिंदी
अचानक पहुंची पाकिस्तानी बुली डॉग (IMG: Dynamite News)
Pratapgarh: प्रतापगढ़ जंक्शन के कर्मचारी आवास परिसर में शनिवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक भारी-भरकम बुली नस्ल की मादा कुतिया भटकते हुए पहुंच गई। कुतिया को देखकर परिसर में रहने वाले लोग घबरा गए। स्थिति को देखते हुए एक रेलकर्मी ने सूझबूझ दिखाई और परिसर का मुख्य गेट बाहर से बंद कर दिया। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मामले की जानकारी मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। नस्ल और स्थिति का जायजा लेने के बाद पुलिस ने वन विभाग को सूचना दी।
प्रयागराज से पहुंची वन विभाग की विशेषज्ञ टीम ने कुतिया को सुरक्षित तरीके से काबू में लेने के लिए ट्रेंकुलाइजर गन का इस्तेमाल किया। बेहोशी की दवा का असर होने के बाद टीम ने उसे सुरक्षित रूप से रेस्क्यू किया। ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मौके पर पुलिस बल भी तैनात रहा। रेस्क्यू पूरा होने के बाद परिसर में मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली।
रेस्क्यू के बाद प्रयागराज वन विभाग की टीम ने मादा कुतिया को नगर पालिका परिषद बेल्हा के सुपुर्द कर दिया। नगर पालिका प्रशासन ने विशेष वैन की मदद से उसे दहिलामऊ स्थित कंपनी बाग यानी शहीद उद्यान में पहुंचाया। कुतिया को यहां रखे जाने की खबर फैलते ही उसे देखने के लिए लोगों की भीड़ जुटने लगी। बड़ी संख्या में लोग इस भारी-भरकम बुली नस्ल की कुतिया को देखने पहुंच रहे हैं। फिलहाल नगर पालिका की निगरानी में उसकी देखभाल की जा रही है।
रेस्क्यू की गई मादा कुतिया के मालिक का अभी तक पता नहीं चल सका है। नगर कोतवाली पुलिस और नगर पालिका की टीमें उसके स्वामी का पता लगाने का प्रयास कर रही हैं। यह भी पता लगाया जा रहा है कि कुतिया शहर के बीच स्थित प्रतापगढ़ जंक्शन तक कैसे पहुंची। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी राकेश कुमार के मुताबिक, रेस्क्यू किया गया जानवर मादा है और पूरी तरह स्वस्थ है। मालिक का पता लगाने के लिए दो से तीन दिन तक इंतजार किया जाएगा।
प्रतापगढ़ जंक्शन के कर्मचारी आवास परिसर में अचानक पहुंची इस कुतिया के कारण कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। स्थानीय स्तर पर उसे पकड़ने की कोशिश के बजाय विशेषज्ञ टीम को बुलाकर रेस्क्यू कराया गया। अब जंक्शन के बाद शहीद उद्यान में भी यह मादा कुतिया लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। हालांकि, उसके मालिक का पता चलने और उसके आगे के संरक्षण को लेकर तस्वीर आने वाले दिनों में साफ होगी।
Location : Pratapgarh
Published : 26 September 2026, 3:01 PM IST