वैभव हत्याकांड के बाद गम में डूबा खजनी, नम आंखों से 12 साल के मासूम को अंतिम विदाई; अयोध्या रवाना हुआ शव

गोरखपुर के खजनी में 12 वर्षीय वैभव वर्मा हत्याकांड के बाद बुधवार को माहौल गमगीन रहा। पोस्टमार्टम के बाद भारी पुलिस सुरक्षा के बीच वैभव का शव अंतिम संस्कार के लिए अयोध्या रवाना किया गया। अंतिम यात्रा में सैकड़ों लोग शामिल हुए। घर से खजनी कस्बे तक लोगों ने कंधे पर शव लेकर वैभव को अंतिम विदाई दी। परिजन और स्थानीय लोग दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 29 July 2026, 2:22 PM IST

Gorakhpur: खजनी में 12 साल के मासूम वैभव वर्मा की हत्या के बाद बुधवार को एक बार फिर पूरा इलाका गम और गुस्से में डूबा नजर आया। जिस कस्बे में कुछ दिन पहले तक सामान्य चहल-पहल थी, वहीं बुधवार को हर तरफ मातम दिखाई दिया। पोस्टमार्टम के बाद वैभव का शव जब घर पहुंचा तो परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। आसपास के लोग भी खुद को भावुक होने से नहीं रोक सके। वैभव की अंतिम यात्रा में सैकड़ों लोग शामिल हुए। अंतिम संस्कार के लिए अयोध्या रवाना किया गया।

सुबह से ही घर पर जुटने लगे लोग

बुधवार सुबह से ही खजनी स्थित वैभव वर्मा के आवास पर लोगों का पहुंचना शुरू हो गया था। जैसे-जैसे समय बीतता गया, लोगों की भीड़ बढ़ती चली गई। हर कोई परिवार को सांत्वना देने और मासूम को अंतिम विदाई देने पहुंच रहा था। परिवार के घर पर माहौल बेहद गमगीन था। किसी को विश्वास नहीं हो रहा था कि जिस बच्चे को कुछ समय पहले तक हंसते-खेलते देखा जा रहा था, आज उसकी अंतिम यात्रा निकलेगी।

वैभव हत्याकांड से खजनी में जनाक्रोश, डीएम-एसएसपी पहुंचे मौके पर; तीन घंटे लगा रहा जाम

देर से निकली अंतिम यात्रा

परिजनों की ओर से मुख्यमंत्री से मुलाकात कर मामले में कठोर कार्रवाई और न्याय की मांग करने की तैयारी थी। इसी वजह से अंतिम यात्रा तय समय पर शुरू नहीं हो सकी। बताया गया कि गुरु पूर्णिमा के व्यस्त कार्यक्रम के चलते परिजन अपनी बात मुख्यमंत्री के सामने नहीं रख सके। इसके बाद दोपहर करीब 12:30 बजे वैभव के शव को अंतिम यात्रा के लिए घर से बाहर निकाला गया।

कंधे पर शव लेकर खजनी कस्बे तक चले लोग

अंतिम यात्रा जब घर से निकली तो माहौल बेहद भावुक हो गया। परिजन और शुभचिंतक वैभव के शव को कंधे पर लेकर खजनी कस्बे की ओर बढ़े। रास्ते में बड़ी संख्या में लोग अंतिम यात्रा में शामिल होते गए। हर तरफ मातम का माहौल था। लोगों की आंखें नम थीं और परिवार को सांत्वना देने वालों का तांता लगा था। कई जगह स्थानीय लोगों ने पुष्प अर्पित कर वैभव को श्रद्धांजलि दी।

वैभव हत्याकांड में बड़ा एक्शन: मुख्य आरोपी सर्वेश भट्ट का पैतृक मकान सील, इलाके में भारी पुलिस बल तैनात

खजनी कस्बे से पिकअप में अयोध्या रवाना हुआ शव

जब अंतिम यात्रा खजनी कस्बे में पहुंची तो शव को पिकअप वाहन में रखा गया। इसके बाद अंतिम संस्कार के लिए शव को अयोध्या रवाना किया गया। इस दौरान पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। कानून-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी। अधिकारी भी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए थे।

वैभव की हत्या से पूरे इलाके में आक्रोश

गौरतलब है कि 12 वर्षीय वैभव वर्मा की हत्या की घटना ने सिर्फ खजनी ही नहीं, बल्कि पूरे पूर्वांचल को झकझोर कर रख दिया है। घटना के बाद से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। परिवार का कहना है कि उन्हें किसी तरह का बदला नहीं चाहिए, बल्कि न्याय चाहिए।

Location :  Gorakhpur

Published :  29 July 2026, 2:22 PM IST