कानपुर देहात के मंगलपुर क्षेत्र में शादी समारोह के बीच दुखद घटना सामने आई। सूरत से ससुराल आए 35 वर्षीय युवक ने कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

शादी में शामिल होने आया युवक ससुराल में मृत मिला
Kanpur: उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात के मंगलपुर थाना क्षेत्र स्थित आराजी बिछियापुर गांव में उस वक्त शादी की खुशियां मातम में बदल गईं, जब एक 35 वर्षीय युवक ने घर के अंदर फंदा लगाकर जान दे दी। घटना से परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, दिबियापुर थाना क्षेत्र के रोहिली गांव निवासी आग्रह पुत्र स्वामी (35) अपनी पत्नी और बच्चों के साथ सूरत में रहकर एक फैक्ट्री में काम करता था। वह शनिवार शाम अपने रिश्तेदार दयाराम के बेटे की शादी में शामिल होने के लिए अपनी ससुराल आराजी बिछियापुर आया हुआ था।
परिजनों के मुताबिक रविवार दोपहर करीब दो बजे बारात से लौटने के बाद घर के अधिकतर लोग पशुओं के लिए चारा लेने खेत चले गए थे। इसी दौरान आग्रह घर में अकेला था। बताया गया कि उसने कमरे की बीम में धोती का फंदा बनाकर फांसी लगा ली।
मृतक व्यक्ति
Kanpur Dehat News: कानपुर देहात में फिर दिखा तेज रफ्तार का कहर, बाइक चालक गंभीर रूप से घायल
कुछ देर बाद उसके ससुर हरीबाबू घर लौटे और बेटी प्रेमलता से भोजन लाने को कहा। जब प्रेमलता कमरे में पहुंची तो उसने अपने जीजा को फंदे से लटकता देखा और चीख पड़ी। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलते ही मृतक के पिता परमसुख, मां संतोषी, पत्नी पुष्पा, बेटियां काव्या और जाह्नवी तथा भाइयों अखिलेश व अजय कुमार का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही मंगलपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। गांव में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई थी।
कार्यवाहक थाना प्रभारी मंगलपुर कमलेश यादव ने बताया कि मृतक के भाई की सूचना पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।