हिंदी
प्रतीकात्मक छवि (Source: Pinterest)
Kanpur: कानपुर के अनवरगंज थाना क्षेत्र स्थित आलम मार्केट में रविवार को महज 16 मिनट और 16 रुपये की सेल ने ऐसा हंगामा खड़ा कर दिया कि पुलिस-प्रशासन को मौके पर मोर्चा संभालना पड़ा। कपड़ा कारोबारी रईस आलम ने अपने जन्मदिन के मौके पर एक खास ऑफर रखा था। इसके तहत कपड़ों समेत कई सामानों की कीमत घटाकर महज 16 रुपये कर दी गई थी।
जैसे ही इस ऑफर की जानकारी सोशल मीडिया और आसपास के इलाकों में फैली, बड़ी संख्या में लोग आलम मार्केट पहुंचने लगे। कुछ ही देर में बाजार के बाहर लोगों की भीड़ बढ़ती चली गई।
16 रुपये में सामान मिलने की खबर ने लोगों में खरीदारी की ऐसी होड़ मचाई कि देखते ही देखते आलम मार्केट के बाहर हजारों की संख्या में लोग जमा हो गए। भीड़ बढ़ने के साथ स्थिति धीरे-धीरे बेकाबू होने लगी।
मुख्य मार्ग पर लोगों की भारी भीड़ के चलते लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। वहीं, दुकान के बाहर खरीदारी को लेकर धक्का-मुक्की शुरू हो गई। भीड़ का दबाव बढ़ने के बाद मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। इस दौरान कई लोगों के चोटिल होने की सूचना सामने आई है।
कहां गायब हो गए 3 ईरानी पायलट? 6 महीने से हिरासत में होने का दावा, कतर ने किया बड़ा खुलासा
हालात बिगड़ते देख स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही एसीपी के नेतृत्व में अनवरगंज समेत आसपास के कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। पुलिस ने सबसे पहले भीड़ को नियंत्रित करने और सड़क पर यातायात व्यवस्था बहाल कराने की कोशिश की।
बेकाबू भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग भी करना पड़ा। पुलिस की कार्रवाई के बाद लोग मौके से इधर-उधर हटने लगे और स्थिति धीरे-धीरे नियंत्रण में आई।
UP Weather 16 August: यूपी में अगले 4 दिन मौसम बिगाड़ेगा खेल, इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
घटना के बाद पुलिस और प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है। आलम मार्केट में दोबारा भीड़ बेकाबू न हो, इसके लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासनिक टीम भी शांति व्यवस्था बनाए रखने में जुटी है।
16 मिनट की इस सेल का मकसद कारोबारी के जन्मदिन पर ग्राहकों को खास ऑफर देना था, लेकिन बेहद कम कीमत में सामान मिलने की खबर ने देखते ही देखते इसे बड़े भीड़ प्रबंधन के संकट में बदल दिया। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम पर नजर रख रही है।
Location : Kanpur
Published : 16 August 2026, 10:01 AM IST
Topics : Alam Market Kanpur Viral News Kanpur News