देवघर में अपराधी गिरोहों का खतरनाक खेल: गणेश पूजा पार्टी में चली गोली, दो नामजद आरोपी गिरफ्तार

देवघर के नगर थाना क्षेत्र में गणेश पूजा के दौरान आयोजित पार्टी में कंधे पर हाथ रखने को लेकर हुए मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। आरोपियों ने चंदन यादव की जांघ में गोली मारकर घायल कर दिया और बाद में सोशल मीडिया पर वीडियो डालकर घटना की जिम्मेदारी ली।

Post Published By: Priyam Kashyap
Updated : 4 October 2026, 7:19 PM IST
google-preferred

Deoghar: गणेश पूजा के मौके पर आयोजित एक पार्टी में मामूली विवाद देखते ही देखते गोलीकांड में बदल गया। कंधे पर हाथ रखने को लेकर शुरू हुए विवाद के बाद पिस्टल निकली और चंदन यादव पर फायरिंग कर दी गई। गोली चंदन की जांघ में लगी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। अब पुलिस ने इस मामले में दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक घटना 14-15 सितंबर की रात नगर थाना क्षेत्र में गोविंद खटिक के समीप आयोजित गणेश पूजा की पार्टी के दौरान हुई थी। मामले में नगर थाना कांड संख्या 389/2026 दर्ज किया गया है।

पार्टी में विवाद और फिर पिस्टल से फायरिंग

पुलिस के अनुसार गणेश पूजा के अवसर पर आयोजित पार्टी में चंदन यादव, सौरभ सिंह राजपूत, राजेश चौधरी समेत कई लोग मौजूद थे। इसी दौरान उज्जवल झा, अंकित झा उर्फ ब्रुशली और उनके कुछ अन्य साथी भी पार्टी में पहुंचे।
बताया गया है कि पार्टी के दौरान अंकित झा उर्फ ब्रुशली द्वारा गोविंद यादव के कंधे पर हाथ रखने को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने के बाद पिस्टल निकाली गई और चंदन यादव पर गोली चला दी गई। गोली चंदन की जांघ में लगी, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आरोपी वहां से फरार हो गए।

यह भी पढ़ें - Deoghar News: बाबा के दरबार में भारतीय नोटों के बीच फिर मिली विदेशी मुद्रा, 19 लाख की गिनती में नेपाली और मलेशियन करेंसी

सोशल मीडिया पर वीडियो डालकर ली जिम्मेदारी

इस मामले में पुलिस ने एक और गंभीर पहलू सामने रखा है। पुलिस का दावा है कि बाबा गिरोह के सक्रिय सदस्यों आदर्श झा, अंकित झा और अभय गिरी के इशारे पर उज्जवल कुमार झा ने सोशल मीडिया के माध्यम से वीडियो बनाकर पोस्ट किया और गोलीकांड की जिम्मेदारी ली। यानी मामला सिर्फ पार्टी में हुए विवाद तक सीमित नहीं रहा, बल्कि वारदात के बाद सोशल मीडिया के जरिए कथित तौर पर दबदबा और भय कायम करने की कोशिश भी की गई।

दो आरोपी गिरफ्तार

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर, देवघर के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उज्जवल कुमार झा और अभय गिरी उर्फ अभय भारद्वाज को गिरफ्तार किया। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार किया है। गिरफ्तार उज्जवल कुमार झा की उम्र करीब 22 वर्ष है और वह बिलासी क्षेत्र का रहने वाला है। वहीं अभय गिरी उर्फ अभय भारद्वाज की उम्र करीब 24 वर्ष बताई गई है और उसका पता शिक्षा सभा चौक, नगर थाना क्षेत्र बताया गया है।

अभय गिरी पर पहले से दर्ज हैं कई मामले

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक अभय गिरी का आपराधिक इतिहास लंबा है। उसके खिलाफ नगर थाना और मोहनपुर थाना में दर्जनों गंभीर धाराओं में मामले दर्ज बताए गए हैं। पुलिस की सूची में उसके खिलाफ कुल 11 पुराने कांड दर्ज हैं, जिनमें हत्या के प्रयास, हथियार अधिनियम, रंगदारी, धोखाधड़ी, धमकी समेत कई गंभीर धाराएं शामिल हैं।वहीं उज्जवल कुमार झा के खिलाफ भी दो पुराने मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। इनमें नगर थाना और रिखिया थाना से जुड़े मामले शामिल हैं।

यह भी पढ़ें - Deoghar: अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और झारखंड का नाम रोशन किया, उसके बाद भी रोहित कुमार बेच रहे है चाय

गोलीकांड ने फिर उठाया शहर में अपराधी नेटवर्क का सवाल

गणेश पूजा की पार्टी में हुए इस गोलीकांड ने एक बार फिर देवघर में सक्रिय आपराधिक गिरोहों और उनके कथित सोशल मीडिया नेटवर्क को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। खास बात यह है कि पुलिस के मुताबिक वारदात के बाद सोशल मीडिया पर वीडियो के जरिए जिम्मेदारी लेने की कोशिश की गई।

फिलहाल पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन इस पूरे घटनाक्रम में पिस्टल किसकी थी, पार्टी में मौजूद अन्य लोगों की भूमिका क्या थी और सोशल मीडिया पर वीडियो के पीछे पूरा नेटवर्क कितना बड़ा है, इन सवालों के जवाब जांच के आगे बढ़ने के साथ ही सामने आएंगे।

Location :  Deoghar

Published :  4 October 2026, 7:19 PM IST

Related News

Advertisement