25 को उठनी थी बहन की डोली, 13 दिन पहले उठी इकलौते भाई की अर्थी: झांसी में भीषण हादसे ने छीनीं तीन परिवारों की खुशियां

झांसी में एक ऐसा हादसा हुआ, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। तीन दोस्त हंसी-खुशी घर लौट रहे थे, लेकिन रास्ते में कुछ ऐसा हुआ कि उनकी जिंदगी का सफर अचानक थम गया। पीछे छूट गए परिवारों की कहानी सुनकर आपकी आंखें भी नम हो जाएंगी।

Post Published By: Priyam Kashyap
Updated : 11 November 2026, 3:20 PM IST

Jhansi: उत्तर प्रदेश के झांसी के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में ललितपुर-रक्सा बाईपास पर दुर्गापुर के पास तेज रफ्तार बाइक के कहर ने तीन परिवारों की खुशियां छीन ली। हादसे में बाइक सड़क किनारे खड़े डंपर में पीछे से जा घुसी, जिससे बाइक सवार तीन दोस्तों की मौत हो गई।

बता दें कि तीनों तालबेहट से शादी के कार्ड बांटकर झांसी लौट रहे थे। मृतकों में 15 वर्षीय राज भी शामिल था, जिसकी इकलौती बहन की शादी 25 नवंबर को होनी थी। इस घटना के बाद शादी की तैयारियों में जुटे परिवार में मातम छा गया।

शादी के निमंत्रण पत्र बांटकर लौट रहे थे तीन दोस्त

झांसी में डंपर से टकराई तेज रफ्तार बाइक (Img: Dynamite News)

मिली जानकारी के अनुसार, पुलिया नंबर नौ का रहने वाला 15 वर्षीय राज अपने दो दोस्तों 23 वर्षीय हर्ष और 22 वर्षीय आयुष के साथ तालबेहट गया था। रिश्तेदारों और परिचितों को शादी के निमंत्रण पत्र बांटने के बाद तीनों मोटरसाइकिल से झांसी लौट रहे थे। रास्ते में ललितपुर-रक्षा बाईपास पर दुर्गापुर के पास, उनकी मोटरसाइकिल सड़क किनारे खड़े एक डंपर ट्रक से टकरा गई।

Jhansi News: झांसी में ज्ञापन देने पहुंचे थे अधिवक्ता, वीडियो बनाने को लेकर पुलिसकर्मी से बवाल

बताया जा रहा है कि मोटरसाइकिल काफी तेज रफ्तार में थी, जिस कारण वह अनियंत्रित होकर डंपर ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों दोस्तों को गंभीर चोटें आईं और वे सड़क पर गिर पड़े।

मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत किया घोषित

झांसी में शादी की तैयारियों के बीच उजड़ गया परिवार का सहारा (Img: Dynamite News)

हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। तीनों घायलों को एम्बुलेंस से मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

Jhansi News: खादी सिर्फ कपड़ा नहीं, एक विचार है! झांसी में 90 स्टॉल के साथ प्रदर्शनी का आगाज

राज की इकलौती बहन की 25 नवंबर को होनी थी शादी

यह हादसा राज के परिवार के लिए एक बहुत बड़ा आघात बनकर आया है। बताया जा रहा है कि राज की इकलौती बहन की शादी 25 नवंबर को तय थी। परिवार शादी की तैयारियों में व्यस्त था और रिश्तेदारों को निमंत्रण कार्ड बांटे जा रहे थे। इसी सिलसिले में राज अपने दोस्तों के साथ तालबेहट गया था। लेकिन, इस दुखद हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Location :  Jhansi

Published :  11 November 2026, 3:18 PM IST